Somnath Temple News: सोमनाथ मंदिर के आसपास ‘नॉनवैज’ की बिक्री पर रोक बढ़ी
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 09:02 AM (IST)
अहमदाबाद (एजैंसी): गुजरात हाईकोर्ट ने बुधवार को प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के आसपास स्थानीय अधिकारियों द्वारा ‘नॉनवैज’ की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध को 16 दिसंबर तक बढ़ा दिया। मुख्य न्यायाधीश एम. रंजन पाठक और न्यायमूर्ति निर्जर देसाई की खंडपीठ ने कहा कि 30 अक्तूबर का उनका अंतरिम आदेश 16 दिसम्बर को होने वाली अगली सुनवाई तक लागू रहेगा।
गुजरात सरकार ने एकल पीठ के उस आदेश के खिलाफ अपील दायर की है, जिसमें गिर सोमनाथ जिला कलैक्टर की उस अधिसूचना को रद्द कर दिया गया था, जिसके तहत मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगाया गया था। अपील पर सुनवाई करते हुए 30 अक्तूबर को खंडपीठ ने कलैक्टर की 10 अगस्त की अधिसूचना को लागू रहने दिया और एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी। कलैक्टर की अधिसूचना के तहत सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में सभी तरह के मांस और मांसाहारी व्यंजनों को तैयार करने, बेचने और रखने पर रोक लगा दी गई है।
