तीर्थस्थलों और धार्मिक आयोजनों के लिए पंजाब सरकार की पहल देखकर खुशी हुई : धीरेंद्र शास्त्री
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 10:25 AM (IST)
चंडीगढ़/पठानकोट (विशेष): बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ओर से धार्मिक विरासत को सहेजने और प्रदेश भर में तीर्थस्थलों के विकास के लिए की गई पहलों की सराहना की। सरकार के प्रयासों पर संतोष जताते हुए उन्होंने खास तौर पर पटियाला के काली माता मंदिर के विकास, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना, धार्मिक स्थलों के विकास और ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के आयोजन का जिक्र किया।
पठानकोट के लमीनी स्टेडियम में 3 दिवसीय श्री हनुमंत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है, बल्कि वह बजरंगबली को समर्पित एक साधु हैं। हम किसी पार्टी से नहीं जुड़े हैं, हम बजरंगबली की पार्टी के साधु हैं।
उन्होंने धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम के आयोजन पर भी खुशी जताई।
