Agahan Maas Daan 2026: 25 नवंबर से अगहन मास की शुरुआत, श्रीकृष्ण कृपा और सुख-समृद्धि के लिए करें इन चीजों का दान
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 09:50 AM (IST)
Agahan Maas Daan 2026: सनातन परंपरा में मार्गशीर्ष यानी अगहन मास का विशेष धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व है। वर्ष 2026 में 25 नवंबर से इस पावन महीने का शुभारंभ हो रही है। यह पूरा महीना भगवान श्रीकृष्ण और श्रीहरि विष्णु की भक्ति के लिए अत्यंत उत्तम माना जाता है। इस दौरान पूजा-अर्चना के साथ-साथ जरूरतमंदों को दान-पुण्य करने से घर-परिवार में सुख, समृद्धि और शांति का वास होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दान का वास्तविक पुण्य केवल वस्तु देने से नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा और सद्भाव की भावना से मिलता है। इसलिए अगहन मास में अपनी क्षमता के अनुसार ही दान-पुण्य करना चाहिए।

मार्गशीर्ष मास में स्नान, दान और दीपदान का धार्मिक महत्व
पवित्र स्नान: सूर्योदय से पूर्व गंगा, यमुना या किसी भी पवित्र नदी में स्नान करना अत्यंत शुभ माना गया है। यदि नदी स्नान संभव न हो तो घर पर जल में तुलसी पत्र डालकर स्नान करें और ‘ॐ नमो भगवते नारायणाय’ का जाप करें।
दीपदान: प्रत्येक संध्या तुलसी के पौधे और मंदिर में दीपक अवश्य जलाएं। यह कर्म घर में सकारात्मक ऊर्जा और दिव्यता लाता है।
दान: मार्गशीर्ष में अन्न, वस्त्र, गुड़, तिल, कंबल और दीपदान का विशेष पुण्य बताया गया है। इससे दरिद्रता दूर होती है और स्वर्ग के द्वार खुलते हैं।

मार्गशीर्ष मास का धार्मिक और पौराणिक महत्व
प्रत्येक मास की पूर्णिमा तिथि जिस नक्षत्र से युक्त होती है, उस नक्षत्र के आधार पर ही उस मास का नामकरण होता है, मार्गशीर्ष मास की बात करें तो इस माह की पूर्णिमा मृगशिरा नक्षत्र से युक्त होती है, इसलिए इसे मार्गशीर्ष नाम दिया गया है। हालांकि इसके अलावा इसे मगसर, मंगसिर, अगहन, अग्रहायण आदि नामों से भी जाना जाता है। पुराणों के अनुसार, मार्गशीर्ष मास भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है। कहा जाता है कि इसी मास में सतयुग का प्रारंभ हुआ था। इस महीने में साधक यदि श्रद्धा और भक्ति से पूजा करता है तो उसे दिव्य आशीर्वाद और मोक्ष प्राप्त होता है। यह मास आत्मशुद्धि, मनोबल और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। जो व्यक्ति इस काल में ध्यान, जप और सेवा कार्य करता है, उसका जीवन प्रकाश से भर जाता है। यह महीना वास्तव में ईश्वर से जुड़ने और आत्मिक शांति प्राप्त करने का सर्वोत्तम अवसर है।
