करतारपुर कॉरिडोर बंद करने का फैसला नागरिकों के हित में : हाईकोर्ट
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 10:50 AM (IST)
नई दिल्ली (एजैंसी): दिल्ली हाईकोर्ट ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार द्वारा करतारपुर काॅरिडोर बंद करने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने से इनकार करते हुए कहा कि यह फैसला नागरिकों के हित में लिया गया था। न्यायालय ने गलियारे को बंद करने के सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए यह टिप्पणी की।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि वह सरकार के नीतिगत फैसले में हस्तक्षेप नहीं कर सकती। पीठ ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और उन्हें बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह गलियारा शुरू किया गया था। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार करतारपुर साहिब गलियारे की सेवाएं स्थगित करने का नीतिगत फैसला लिया था।
