Festival season 2026: दीवाली पर महंगाई की मार, पिस्ता 70% और बादाम 40% तक महंगे

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 09:29 AM (IST)

पुणे (इंट): दीवाली से पहले सूखे मेवों की कीमतों में भारी उछाल ने आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। पिछले एक साल में पिस्ता के दाम 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं जबकि बादाम भी 25 प्रतिशत तक महंगा हुआ है। काजू, किशमिश, खजूर और अंजीर की कीमतों में भी बढ़ौतरी दर्ज की गई है। ईरान और अफगानिस्तान से आपूर्ति में कमी, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उत्पादन घटने, माल ढुलाई महंगी होने और रुपए की कमजोरी के कारण आयात लागत बढ़ी है। त्यौहारी मांग में तेजी को देखते हुए कारोबारियों ने कीमतों में और बढ़ौतरी की आशंका जताई है।

पिस्ता और बादाम ने बिगाड़ा बजट
पिछली दीवाली की तुलना में छिलके वाले पिस्ता की कीमतों में 60 से 70 प्रतिशत तक उछाल आया है। बादाम की विभिन्न किस्में 20 से 40 प्रतिशत तक महंगी हुई हैं। वहीं, काजू के दाम 5 से 8 प्रतिशत, किशमिश के 2 से 5 प्रतिशत, खजूर के 5 से 10 प्रतिशत और अंजीर के 5 से 15 प्रतिशत तक बढ़े हैं। भारतीय मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले पेशावरी पिस्ता का भाव भी पिछले छह महीनों में करीब 40 प्रतिशत बढ़कर 4,000 रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

महंगी ढुलाई और कमजोर रुपए का असर
भारत में खजूर की बड़ी मात्रा पश्चिम एशिया से आती है। माल ढुलाई का खर्च बढ़ने से इसकी कीमतों पर भी असर पड़ा है। सूखे मेवों की कंपनी क्लास अलजोन के प्रबंध निदेशक रविंद्र मेहता के मुताबिक, भू-राजनीतिक हालात के कारण पिछले कुछ महीनों में कीमतों में उल्लेखनीय तेजी आई है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News