शबरिमला : वन विभाग ने वन्यजीवों की मौत के बीच पम्बा मार्ग पर कचरा न फेंकने की चेतावनी दी

punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 03:18 PM (IST)

पथनमथिट्ठा (केरलम) : वन विभाग ने बृहस्पतिवार को निलक्कल-पम्बा मार्ग से यात्रा करने वाले शबरिमला तीर्थयात्रियों से वाहनों से खाद्य अपशिष्ट और प्लास्टिक सामग्री न फेंकने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि कचरा फेंकने से जंगली जानवर सड़क पर आ रहे हैं और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 16 से 23 नवंबर के बीच इस मार्ग पर वाहनों की चपेट में आने से दो बोनट मकाक (बंदर) और एक नीलगिरि लंगूर की मौत हो गई। सहायक वन संरक्षक मनु सत्यन ने एक बयान में कहा कि नीलगिरि लंगूर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-एक में आने वाली प्रजाति है और मुख्य रूप से पेड़ों पर रहता है। 

उन्होंने कहा कि 19 किलोमीटर लंबी निलक्कल-पम्बा सड़क वन क्षेत्रों से होकर गुजरती है तथा सड़क के चौड़ीकरण और पक्का किए जाने के कारण वाहनों के तेज गति से चलने का जोखिम बढ़ गया है। विभाग ने रन्नी वन प्रभाग के साथ समन्वय कर गति नियंत्रण के अतिरिक्त उपाय करने और अधिक सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने की सिफारिश की है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से वाहनों से खाद्य अपशिष्ट या प्लास्टिक की सामग्री न फेंकने की भी अपील की है क्योंकि इससे बंदर व अन्य जंगली जानवर सड़क के किनारे आ जाते हैं और उनके वाहनों की चपेट में आने का खतरा पैदा हो जाता है। 

विभाग ने वन्यजीवों की मौत को रोकने के लिए तीर्थयात्रियों के बीच अधिक जागरुकता बढ़ाने और मार्ग पर बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन करने का आह्वान किया है। इस बीच, त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि शबरिमला पैदल मार्ग पर लोअर अप्पाचीमेदु में तीर्थयात्रियों के लिए 7,000 वर्ग फुट का एक विश्राम स्थल स्थापित किया गया है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए यहां पेयजल कियोस्क और शौचालय भी उपलब्ध कराए गए हैं। टीडीबी ने बताया कि यह स्थान पहले उपेक्षित पड़ा था और 11 लाख रुपये की लागत से इसका जीर्णोद्धार किया गया है। टीडीबी अध्यक्ष के. जयकुमार ने एक बयान में कहा कि नवनिर्मित सुविधा केंद्र का उद्घाटन दिसंबर से पहले किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसे अंतिम रूप देने का काम फिलहाल जारी है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News