Pong Lake Ramsar Wetland: पौंग झील बनी विदेशी पक्षियों की पहली पसंद
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 09:28 AM (IST)
नगरोटा सूरियां (नंदपुरी): जिला कांगड़ा की रामसर वैटलैंड पौंग झील में सर्दियों की दस्तक के साथ ही विदेशी मेहमान परिंदों की चहचहाहट गूंजने लगी है। झील में अब तक करीब 30 हजार प्रवासी पक्षी पहुंच चुके हैं। हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरिया, चीन, मध्य एशिया और यूरोप सहित विभिन्न देशों से पहुंचे इन परिंदों ने पौंग वैटलैंड की खूबसूरती को चार चांद लगा दिए हैं।
सुबह और शाम के समय झील के जलक्षेत्र में पक्षियों के झुंड अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। बार हेडेड गूज, नॉर्दर्न पिंटेल, कॉमन पोचार्ड और रुडी शेलडक जैसी प्रजातियां यहां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पौंग झील प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास होने के साथ जैव विविधता की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखती है।
सर्दी बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में प्रवासी पक्षियों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। वन्य प्राणी विभाग की ओर से पक्षियों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की है।
झील में अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए टीमें तैनात हैं। विभाग ने लोगों से भी वन्य पक्षियों की सुरक्षा में सहयोग देने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।
