शबरिमला में गंदगी के लिए दुकानों पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 02:28 PM (IST)
पथनमथिट्टा (केरलम) : शबरिमला मंदिर और उसके आसपास की दुकानों में तीर्थयात्रा के मौजूदा सत्र के पहले सप्ताह के दौरान नियमों के उल्लंघन के 29 मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण दल ने इन मामलों में कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। स्थानीय स्वशासन, राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, विधिक माप विज्ञान और नागरिक आपूर्ति विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम रात के समय भी निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक सामने आए ज्यादातर मामले होटलों और भोजनालयों में साफ-सफाई की कमी से जुड़े हैं।
इनमें रसोइयों और भोजन परोसने वाले कर्मचारियों का दस्ताने और सिर ढकने वाले कवर नहीं पहनना तथा रसोई में गंदगी होना शामिल है। टीम निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूलने वाली दुकानों के खिलाफ मिल रही शिकायतों की भी सख्ती से जांच कर रही है। इसके अलावा कम माप और तौल से सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सन्निधानम (मंदिर परिसर) के एक होटल से बासी खाना जब्त कर नष्ट कर दिया गया और प्रतिष्ठान पर जुर्माना भी लगाया गया। निरीक्षण दल ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़े हुए फलों को पूरी तरह फेंक दिया जाए और उनके खराब हिस्से हटाकर बाकी फलों का इस्तेमाल जूस बनाने में न किया जाए।
यह निरीक्षण अभियान तीन दलों द्वारा चलाया जा रहा है। बयान के अनुसार, खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के अलावा अधिकारी अयप्पा श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर उनकी प्रतिक्रिया भी ले रहे हैं और उनकी शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। भगवान अयप्पा का शबरिमला मंदिर वार्षिक मंडल तीर्थयात्रा सत्र के लिए 17 नवंबर को खोला गया था। मंडल पूजा 27 दिसंबर को होगी, जिसके बाद मंदिर दिनभर के लिए बंद हो जाएगा। मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सत्र के लिए मंदिर 30 दिसंबर को शाम पांच बजे फिर खुलेगा। मकरविलक्कू उत्सव 14 जनवरी को मनाया जाएगा। श्रद्धालु 19 जनवरी तक दर्शन कर सकेंगे और मंदिर 20 जनवरी को बंद हो जाएगा।
