Gurdwara Shaheedgarh Sahib Hamilton: कनाडा के गुरुद्वारे में भिड़े 2 गुट, पगड़ियां उतरीं
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 12:17 PM (IST)
ओटावा (इंट.): कनाडा में हैमिल्टन के गुरुद्वारों में 2 गुटों के बीच जमकर झड़प हो गई। उनमें धक्का-मुक्की हुई, थप्पड़ चले और पगड़ियां तक उतर गईं।
घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग एक-दूसरे का गला पकड़ते, थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। हैमिल्टन स्थित गुरुद्वारा शहीदगढ़ साहिब के बाबा तजिंदर सिंह ने कहा कि गुरु घर के भीतर ही जूते-चप्पल चलने जैसे हालात बन गए, जो शर्मनाक है। इस झड़प के पीछे गोलक समेत 3 बड़ी वजहें सामने आई हैं, जिनमें सबसे पहली प्रबंधक कमेटी पर कब्जा है। 2 दिन पहले किचनर में भी प्रबंधक कमेटियों के बीच विवाद हो चुका है।
गुरुद्वारे के संचालन और प्रबंधन पर किस गुट का नियंत्रण रहेगा, इसे लेकर मतभेद सामने आए हैं। वहीं गोलक के हिसाब-किताब को लेकर भी विवाद हो रहा है। इन गुटों की तरफ से संगत की ओर से चढ़ाए जाने वाले दान और उसके इस्तेमाल तथा प्रबंधन को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं इन गुटों के बीच चौधराहट की भी लड़ाई है। गुरुद्वारे के प्रशासनिक फैसलों और अधिकारों पर अपना प्रभाव बनाए रखने की कोशिश के चलते यह झगड़ा हुआ है।
