पूर्वांचल की लोक संस्कृति से विश्व पटल तक पहुंचेगा छठ महापर्व, दिल्ली सरकार की अनूठी पहल

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:28 AM (IST)

Chhath Mahaparva Global Stage Delhi Govt : यह इतिहास का एक विलक्षण और अभूतपूर्व क्षण है जब कोई संस्कृति केवल अपने भूगोल की परिधि में सिमटी नहीं रहती, बल्कि अपनी अंतःस्थ ऊर्जा से समूचे राष्ट्र के वैचारिक फलक को आलोकित कर देती है। इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण के केंद्र में पूर्वांचल का वह समाज है जो अपनी असाधारण कर्मठता, अटूट श्रम और अदम्य इच्छाशक्ति का पर्याय है। देश के किसी भी कोने में, महानगरों की चकाचौंध से दूर या ईंट-गारे के बीच पसीना बहाते हुए, इस समाज ने हमेशा अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर नई बस्तियों, नए सपनों और एक जीवंत संस्कृति को गढ़ा है। जहां भी पूर्वांचली जाते हैं, अपनी निष्ठा के बल पर वहाँ आत्मीयता का एक नया संसार बसा देते हैं।

इसी श्रमशील जीवनशैली और सनातन संस्कृति की सबसे पवित्र अभिव्यक्ति हमें छठ महापर्व के रूप में देखने को मिलती है। छठ पूजा का स्वरूप किसी बाह्य आडंबर, जटिल कर्मकांड या पुरोहितीय मध्यस्थता से पूरी तरह मुक्त है। यह दुनिया के सबसे अनूठे और सामाजिक रूप से समावेशी पर्वों में से एक है, जहां न कोई ऊँच-नीच का भेद है और न किसी विशेष वर्ग का एकाधिकार। यह प्रकृति के साथ मनुष्य का सीधा और पवित्र संवाद है। जहां उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, जल को साक्षी माना जाता है, और सब कुछ प्रकृति से लेकर वापस उसी को नमन भाव से समर्पित कर दिया जाता है। 

पिछले एक दशक, विशेषकर पिछले बारह वर्षों, में भारतीय राजधानी दिल्ली के सांस्कृतिक, प्रशासनिक और सामाजिक परिदृश्य में जो आमूल-चूल परिवर्तन आया है, उसने इस लोक-पर्व को एक क्षेत्रीय अनुष्ठान से निकालकर राष्ट्रीय मुख्यधारा के सर्वोच्च शिखर पर स्थापित कर दिया है। जब दिल्ली सरकार ने पर्व के व्यापक आयोजनों के लिए विशेष समितियों का गठन किया, वित्तीय व ढांचागत संसाधन जुटाए और सार्वजनिक अवकाश व पुख्ता प्रशासनिक समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, तो इसने यह अकाट्य रूप से सिद्ध कर दिया कि अब शासन और लोक-संस्कृति आमने-सामने खड़े दो विरोधी छोर नहीं, बल्कि एक ही रथ के पहिए बनकर आगे बढ़ रहे हैं। इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर दिल्ली सरकार ने विभिन्न देशों के राजदूतों एवं उच्चायुक्तों को आमंत्रित कर छठ महापर्व की महिमा, परंपरा और प्रकृति उपासना के शाश्वत संदेश को वैश्विक पटल पर पहुंचाने की सराहनीय पहल की है। यह त्याग, तपस्या, श्रम और समर्पण से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले पूर्वांचली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विश्व में गौरव दिलाने का ऐतिहासिक प्रयास है।   

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News