Ekadashi 2026: साल 2026 के अंतिम पड़ाव में बची हैं केवल 3 एकादशी! नोट करें देवउठनी, उत्पन्ना और मोक्षदा व्रत की सटीक तिथियां और पारण मुहूर्त
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 09:27 AM (IST)
Ekadashi 2026: सनातन धर्म में एकादशी व्रत का विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व माना गया है। यह पावन तिथि जगत के पालनहार भगवान श्री हरि विष्णु को अत्यंत प्रिय है। प्रत्येक मास में दो एकादशियां आती हैं एक कृष्ण पक्ष में और दूसरी शुक्ल पक्ष में। मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु एकादशी का निष्ठापूर्वक व्रत और पूजन करता है, उसके जीवन से समस्त पाप, दुख और दरिद्रता का नाश होता है।
वर्ष 2026 अब अपने अंतिम चरण की ओर अग्रसर है। इस वर्ष के शेष बचे समय में कुल 3 मुख्य एकादशी व्रत रखे जाएंगे। इनमें कार्तिक माह की प्रसिद्ध देवउठनी एकादशी, मार्गशीर्ष माह की उत्पन्ना एकादशी और मोक्षदा एकादशी शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इस बार मोक्षदा एकादशी के ही शुभ दिन गीता जयंती का पावन पर्व भी मनाया जाएगा।
आइए जानते हैं इन तीनों एकादशियों की सटीक तिथियां, पूजा-पारण के शुभ मुहूर्त और इनके अलौकिक धार्मिक महत्व के बारे में।
देवउठनी (देवोत्थान) एकादशी 2026: जागेगा संसार, शुरू होंगे शुभ कार्य
देवउठनी एकादशी का व्रत हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी को अत्यंत उत्तम माना जाता है। इसे प्रबोधिनी एकादशी और देवुत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन जगत के पालनहार भगवान विष्णु योग निद्रा से जाग जाते हैं और उनके जागने के साथ ही सभी शुभ और मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। इसी के साथ इस दिन से चातुर्मास का समापन भी हो जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्री हरि की पूरे विधि-विधान से पूजा करने से मन की हर इच्छा पूरी होती है और सभी पापों से मुक्ति मिलती है।
व्रत तिथि एवं शुभ मुहूर्त:
स्मार्त (गृहस्थ संप्रदाय) व्रत तिथि: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
वैष्णव संप्रदाय व्रत तिथि: 21 नवंबर 2026, शनिवार
एकादशी तिथि प्रारंभ: 20 नवंबर 2026 को प्रातः 07:15 बजे से
एकादशी तिथि समाप्त: 21 नवंबर 2026 को प्रातः 06:31 बजे तक
व्रत पारण का समय: 21 नवंबर 2026 को दोपहर 01:11 बजे से 03:18 बजे के मध्य

उत्पन्ना एकादशी 2026: देवी एकादशी का प्राकट्य दिवस
धर्म शास्त्रों के मतानुसार, उत्पन्ना एकादशी व्रत का फल हजारों यज्ञों से भी अधिक है। वैसे तो यह व्रत सभी को करना चाहिए, न कर सके तो व्रत की कथा का श्रवण और श्री कृष्ण मंदिर के दर्शन अवश्य करें। शास्त्रों के अनुसार मार्गशीर्ष अथवा अगहन माह में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का बहुत महत्व है। यह महीना उन्हीं को समर्पित है। इस माह में पड़ने वाली कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी के नाम से जाना जाता है। उत्पन्ना एकादशी का व्रत न केवल पापों से मुक्ति देता है बल्कि आत्मा को शुद्ध करता है। यह दिन आध्यात्मिक जागरण, विष्णु भक्ति और मोक्ष प्राप्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। इस एकादशी से व्रत की शुरुआत करना शुभ, सफल और जीवन में शांति लाने वाला होता है।
व्रत तिथि एवं शुभ मुहूर्त:
व्रत तिथि: 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार
एकादशी तिथि प्रारंभ: 3 दिसंबर 2026 को रात्रि 11:03 बजे से
एकादशी तिथि समाप्त: 4 दिसंबर 2026 को रात्रि 11:44 बजे तक
व्रत पारण का समय: 5 दिसंबर 2026, शनिवार को प्रातः 06:59 बजे से 09:04 बजे तक
द्वादशी तिथि समाप्ति: 6 दिसंबर 2026 को मध्यरात्रि (रात 12:51 बजे)
मोक्षदा एकादशी 2026: मोक्षदायिनी तिथि पर गीता जयंती का दुर्लभ योग
वर्ष 2026 की अंतिम एकादशी मोक्षदा एकादशी होगी। यह व्रत मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष में रखा जाता है। मोक्षदा एकादशी और श्री गीता जयंती का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह दिन हिन्दू धर्म में खासतौर पर श्रद्धा और भक्ति का पर्व माना जाता है। मोक्षदा एकादशी और श्री गीता जयंती का संबंध भगवान श्री कृष्ण से है। मोक्षदा एकादशी जहां मोक्ष प्राप्ति और पापों से मुक्ति का दिन है, वहीं श्री गीता जयंती भगवान श्री कृष्ण के अद्भुत उपदेशों की याद दिलाती है, जो जीवन के सर्वोत्तम मार्ग को दर्शाते हैं। दोनों दिन भक्तों के लिए आशीर्वाद, आंतरिक शांति और आत्म-उद्धार का समय होते हैं। मोक्षदा एकादशी और श्री गीता जयंती, दोनों ही पर्व भक्तों के लिए जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और भगवान श्री कृष्ण की कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर हैं।
व्रत तिथि एवं शुभ मुहूर्त:
व्रत तिथि: 20 दिसंबर 2026, रविवार
एकादशी तिथि प्रारंभ: 19 दिसंबर 2026 को रात्रि 10:09 बजे से
एकादशी तिथि समाप्त: 20 दिसंबर 2026 को रात्रि 08:15 बजे तक
व्रत पारण का समय: 21 दिसंबर 2026, सोमवार को प्रातःकाल (सूर्योदय के पश्चात)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
