Bihar Panchami 2026: वृंदावन में बिहार पंचमी की गूंज, 13-14 दिसंबर को सजेगा बांके बिहारी का दरबार, निधिवन से निकलेगी स्वामी हरिदास जी की भव्य सवारी
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 08:25 AM (IST)
वृंदावन (विक्की शर्मा): धर्मनगरी वृंदावन में ठाकुर श्री बांके बिहारी लाल जु महाराज जी के प्राकट्य उत्सव यानी 'बिहार पंचमी' की तैयारियां बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गई हैं। श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवाधिकारी राजू गोस्वामी की प्रेरणा से बिहारी जी के भक्त पिछले कई वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वामी श्री हरिदास जु महाराज जी की असीम कृपा से इस पावन महोत्सव को यादगार बनाने में जुट गया है। 13 और 14 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस 2 दिवसीय भव्य प्राकट्य उत्सव में सम्मिलित होने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

13 और 14 दिसंबर को 2 दिवसीय महोत्सव का पूरा कार्यक्रम:
सेवाधिकारी राजू गोस्वामी के अनुसार, यह धार्मिक कार्यक्रम 2 दिनों तक बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा-
13 दिसंबर 2026 (बधाई उत्सव): उत्सव के पहले दिन बांके बिहारी जी के आंगन में भव्य बधाई उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें ठाकुर जी के जन्मोत्सव की खुशियां मनाई जाएंगी तत्पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन होगा।
14 दिसंबर 2026 (शोभायात्रा व प्राकट्य दिवस): प्राकट्य दिवस के दिन निधिवन से स्वामी श्री हरिदास जी की पावन सवारी (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। स्वामी जी की यह सवारी बांके बिहारी जी को बधाई देने के लिए मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का विश्राम होगा।

सोहनी सेवा, रंगोली और बधाई गीतों की गूंज
बिहारी जी के भक्त इस शोभायात्रा के दौरान विशेष भक्तिभाव में नजर आएंगे। यात्रा मार्ग में भक्तों द्वारा सोहनी सेवा (मार्ग की सफाई) की जाएगी और पूरे रास्ते को सुंदर व आकर्षक रंगोलियों से सजाया जाएगा। श्रद्धालु ठाकुर जी के बधाई गीत गाते और नाचते-गाते हुए मंदिर तक जाएंगे।
नई नवेली दुल्हन की तरह सजेगा मंदिर, होगा दीपावली जैसा दीपोत्सव
उत्सव को अलौकिक रूप देने के लिए बिहारी जी के भक्त निधिवन और श्री बांके बिहारी मंदिर प्रांगण को गुब्बारों व सुंदर सजावटी वस्तुओं से नई नवेली दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। इसके साथ ही, इस पावन अवसर पर वृंदावन में दीपावली की तर्ज पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा धाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।

