Vivah Muhurat November 2026: चातुर्मास समाप्त होते ही खुलेंगे मांगलिक द्वार, नोट कर लें नवंबर 2026 की शुभ विवाह तिथियां और मुहूर्त!

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 03:20 PM (IST)

Devutthana Ekadashi 2026 Marriage Dates: हिंदू धर्म संस्कृति में विवाह को अत्यंत पवित्र और गरिमामय संस्कार माना गया है। सनातन मान्यताओं के अनुसार, गृहस्थ जीवन में प्रवेश करने से पहले सही तिथि, शुभ वार और अनुकूल नक्षत्र का चयन करना अनिवार्य माना जाता है।

वर्ष 2026 में 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने से चला आ रहा चातुर्मास समाप्त हो जाएगा। पौराणिक मान्यता है कि इस दिन भगवान श्री हरि विष्णु अपनी योगनिद्रा से जागते हैं, जिसके बाद विवाह, मुंडन और गृह प्रवेश जैसे सभी शुभ और मांगलिक कार्यों पर लगी रोक समाप्त हो जाती है। हालांकि, पंचांगीय गणना के अनुसार नवंबर 2026 में विवाह रचाने के लिए अधिक अवसर नहीं मिल रहे हैं। इस महीने शादी-ब्याह के लिए कुल 4 शुभ मुहूर्त ही उपलब्ध हैं।

PunjabKesari November 2026 Vivah Muhurat

नवंबर 2026 विवाह मुहूर्त की मुख्य तिथियां 
धार्मिक पंचांग के अनुसार नवंबर 2026 में शादी के लिए तय किए गए 4 मुख्य शुभ मुहूर्त का विवरण इस प्रकार है:

पहला विवाह मुहूर्त: 21 नवंबर 2026 (शनिवार)
चातुर्मास की समाप्ति के ठीक अगले दिन यानी 21 नवंबर 2026 को नवंबर महीने का पहला विवाह मुहूर्त प्राप्त हो रहा है। इस दिन प्रातकाल 06:47 बजे से लेकर मध्यरात्रि 12:08 बजे तक विवाह के लिए अनुकूल समय रहेगा। इस दौरान रेवती नक्षत्र का शुभ योग विद्यमान रहेगा।

दूसरा विवाह मुहूर्त: 24 नवंबर 2026 (मंगलवार)
नवंबर का दूसरा शुभ मुहूर्त 24 नवंबर को मिल रहा है। इस दिन विवाह के लिए शुभ समय देर रात 11:25 बजे प्रारंभ होगा, जो अगले दिन यानी 25 नवंबर की सुबह 06:50 बजे तक बना रहेगा। इस समय रोहिणी नक्षत्र का प्रभाव रहेगा।

PunjabKesari November 2026 Vivah Muhurat

तीसरा विवाह मुहूर्त: 25 नवंबर 2026 (बुधवार)
25 नवंबर का दिन विवाह संस्कार के लिए सबसे विशेष माना जा रहा है, क्योंकि यह नवंबर महीने का सबसे लंबा विवाह मुहूर्त है। इस दिन सुबह 06:50 बजे से लेकर 26 नवंबर की सुबह 06:51 बजे तक (पूरे 24 घंटे से अधिक) विवाह कार्य संपन्न किए जा सकेंगे। इस अवधि में रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्रों की युति रहेगी।

चौथा विवाह मुहूर्त: 26 नवंबर 2026 (गुरुवार)
नवंबर 2026 में शादी-ब्याह के लिए अंतिम अवसर 26 नवंबर को मिलेगा। इस दिन सुबह 06:51 बजे से लेकर शाम 05:47 बजे तक शुभ समय रहेगा। इस दौरान मृगशिरा नक्षत्र विद्यमान रहेगा।

शास्त्रों में माना गया है कि अनुकूल ग्रह-नक्षत्रों की उपस्थिति में संपन्न हुआ विवाह वर-वधू के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और स्थायित्व लाता है। विवाह तय करते समय वर और वधू की कुंडली का मिलान करके मांगलिक दोष तथा अन्य संभावित ग्रह बाधाओं को शांत करने के लिए उपयुक्त समय निकाला जाता है। धार्मिक मान्यता है कि शुभ लग्न और मुहूर्त में सप्तपदी (सात फेरे) तथा अरुंधती-वशिष्ठ दर्शन जैसे वैदिक विधान पूर्ण करने से दंपत्ति के बीच अटूट प्रेम और विश्वास बना रहता है।

PunjabKesari November 2026 Vivah Muhurat

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News