Parkash Parv of Guru Nanak Dev Ji: श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने 22 को पाक जाएगा सिख श्रद्धालुओं का जत्था
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 10:01 AM (IST)
अमृतसर (सर्बजीत): प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के संबंध में पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में आयोजित होने वाले धार्मिक समारोहों में शामिल होने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) की ओर से सिख श्रद्धालुओं का जत्था 22 नवम्बर को पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।
एस.जी.पी.सी. अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि कमेटी की ओर से हर वर्ष श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शनों के लिए भेजा जाता है। इस बार 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा लगवाने के लिए पाकिस्तान दूतावास भेजे गए थे, जिनमें से 1822 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए गए हैं।
धामी ने बताया कि वीजा प्राप्त करने वाले श्रद्धालु अपने पासपोर्ट 21 और 22 नवम्बर को शिरोमणि कमेटी के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जत्था 22 नवम्बर को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान रवाना होगा और गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश पर्व के धार्मिक समारोहों में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित विभिन्न ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करेंगे और 1 दिसम्बर को वापस भारत लौटेंगे।
