वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा: दीवारों के रंग बदलने से दूर होते हैं वास्तुदोष या फैलाया जा रहा भ्रम? जानें ग्रंथों और एंटीलिया के रंग से जुड़ी गहरी बात

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 01:51 PM (IST)

Vastu & Wall Color Myths: वर्तमान समय में घर बनवाने या खरीदने वाले अनेक लोग वास्तु संबंधी सलाह लेते समय भवन की संरचना, मुख्य द्वार, रसोईघर, बेडरूम, सीढ़ियों और जल स्रोतों, इत्यादि पर ध्यान देने के साथ-साथ दीवारों के रंगों को लेकर भी काफी चिंतित रहते हैं। आजकल वास्तु शास्त्र के नाम पर रंगों को लेकर अनेक प्रकार की धारणाएं प्रचलित हैं। कई वास्तु विशेषज्ञों का मानना है कि घर की प्रत्येक दिशा में विशेष रंगों का ही प्रयोग करना चाहिए और कुछ रंगों से परहेज करना चाहिए। उदाहरण के लिए, उत्तर दिशा में लाल और पीले रंग का प्रयोग करने से मना किया जाता है। इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि इन रंगों के कारण आर्थिक अवसरों में बाधा आ सकती है, व्यावसायिक प्रगति रुक सकती है अथवा जीवन में सफलता की संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। 

PunjabKesari Vastu and Wall Color Myths

वहीं, महावास्तु जैसी कुछ आधुनिक वास्तु प्रणालियों में रंगों के माध्यम से वास्तुदोषों को संतुलित करने की अवधारणा भी प्रस्तुत की जाती है। इन मान्यताओं के अनुसार, किसी विशेष दिशा में उपयुक्त रंग का प्रयोग करके वहां के वास्तुदोषों के प्रभाव को कम किया जा सकता है। जैसे कुछ वास्तुविद सैप्टिक टैंक साउथ वेस्ट (नैऋत्य कोण) में बना हो, तो उस पर पर बेज, पीले इत्यादि रंग का पेंट करने की सलाह देते हैं। ध्यान रहे किसी विशेष रंग से सैप्टिक टैंक की वास्तविक स्थिति नहीं बदलती बल्कि उससे मिलने वाली समस्याएं ज्यों कि त्यों ही बनी रहती हैं। 

इसी प्रकार विभिन्न प्रकार के वास्तुदोषों के लिए दिशाओं के हिसाब से अलग-अलग रंग करने की सलाह दी जाती है, जैसे उत्तर दिशा में नीला, काला, दक्षिण में लाल, गुलाबी इत्यादि। लेकिन यहां कुछ महत्त्वपूर्ण प्रश्न उठते हैं। क्या वास्तव में किसी दिशा में लाल, पीला, नीला या हरा रंग करने से उस दिशा के वास्तु पर प्रभाव पड़ता है? क्या रंगों के माध्यम से वास्तुदोष दूर किए जा सकते हैं?

भारतीय परंपरा में लाल, पीले, सफेद, हरे और अन्य रंगों का उपयोग विभिन्न मांगलिक अवसरों पर देखने को मिलता है। ‘विश्वकर्मा प्रकाश’ और ‘बृहत्संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों का उल्लेख रंगों तथा वास्तु ग्रंथों में किया गया है। लेकिन किसी विशेष दिशा के लिए किसी रंग को अनिवार्य बताने या उससे निश्चित परिणाम मिलने की जानकारी किसी भी प्राचीन वास्तु के ग्रंथ में नहीं मिलती है।

PunjabKesari Vastu and Wall Color Myths

भारत में घरों में सदियों से मुख्य द्वार के बाहर शुभ-लाभ लिखना, लक्ष्मी जी के चरण बनाना, स्वस्तिक, इत्यादि बनाना तथा अन्य मांगलिक चिह्न अंकित करना सामान्य परंपरा है। इनमें केवल लाल, सिंदुरी या केसरिया रंगों का ही प्रयोग किया जाता है। कभी भी ब्ल्यु, ब्लैक, ग्रे इत्यादि रंगों का प्रयोग नहीं किया जाता, चाहे घर उत्तरमुखी ही क्यों न हो। जबकि आजकल के कुछ वास्तुविद उत्तर दिशा में ब्ल्यु कलर करने की सलाह देते हैं। इन मांगलिक चिह्नों को दिशा के आधार पर अलग-अलग रंगों में नहीं बनाया जाता, बल्कि धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक प्रचलन के अनुसार लाल रंग का उपयोग किया जाता है। इस उदाहरण से यह प्रश्न उठता है कि यदि किसी दिशा में लाल रंग का प्रयोग अपने आप में हानिकारक होता, तो उस दिशा में बनाए गए मांगलिक चिह्नों के बारे में भी प्राचीन ग्रंथों में स्पष्ट और एकसमान नियम होने चाहिए थे। 

जिन ऋषि-मुनियों ने वास्तुशास्त्र की खोज की, उनके वास्तु ग्रंथों में रंगों को लेकर कोई वर्णन क्यों नहीं मिलता? कई विद्वान वैदिक वास्तु के नाम पर रंगों द्वारा वास्तु संयोजन की बातें करते हैं। यदि ऐसा होता तो वास्तु के प्राचीन ग्रंथों में ऋषि-मुनियों द्वारा यह जानकारी दी गई होती, लेकिन ऐसी कोई जानकारी प्राचीन वास्तु ग्रंथों में नहीं मिलती।

भारत के प्राचीन धार्मिक स्थल, प्राचीन ऐतिहासिक स्थल इत्यादि में भी लगभग सभी जगह चारों दिशाओं में एक ही रंग का उपयोग किया गया है। इसी प्रकार वर्तमान में नई संसद, नया प्रधानमंत्री कार्यालय सेवा तीर्थ, इत्यादि भव्य बिल्डिंगों का निर्माण किया है उसमें भी बेज, आॉफ व्हाइट जैसे रंग का ही उपयोग किया गया है। उनमें अलग-अलग दिशाओं के हिसाब से अलग-अलग रंगों का उपयोग नहीं किया गया है। दुनिया के समृद्धशाली देश जैसे, यू.एस.ए, कनाडा, दुबई, जापान, जर्मनी, इत्यादि में भी बेज, आॉफ व्हाइट जैसे हल्के रंगों का ही प्रयोग किया जाता है। वहीं चीन में सभी दिशाओं में सबसे ज्यादा लाल रंग का ही उपयोग किया जाता है। चाहे दिशा कोई सी भी हो, बाहर की तरफ लाल रंग का ही उपयोग अधिक मिलता है।

PunjabKesari Vastu and Wall Color Myths

उदाहरण के लिए मुकेश अंबानी का दक्षिणमुखी घर ‘एंटीलिया’ भी वास्तु अनुरूप बना है। एंटीलिया में भी किसी विशेष दिशा के लिए किसी विशेष रंग का प्रयोग नहीं किया गया है। पूरे घर को बेज कलर किया है। इसकी दक्षिण दिशा का एलिवेशन इस प्रकार किया गया है जिसमें बहुत अधिक हरियाली (ग्रीनरी) का उपयोग किया गया है जिससे दक्षिण दिशा में हरा-हरा रंग ही दिखाई देता है। यदि रंगों से कोई लाभ/नुकसान होता तो एंटीलिया भी विभिन्न दिशा के अनुसार विशेष रंग से सजा होता लेकिन वहां ऐसा नहीं है।

पिछले कुछ वर्षों में वास्तु के नाम पर कुछ वास्तुविदों द्वारा पहले से ही परेशान लोगों को भ्रमित कर रंगों को लेकर लोगों के मन में अनावश्यक भय उत्पन्न कर रहे हैं।

किसी भी घर में आर्थिक, मानसिक, शारीरिक और पारिवारिक गंभीर समस्याएं आ रही हैं तो निश्चित ही उस घर की दोषपूर्ण बनावट के कारण ऐसी समस्यायें आती हैं। जिन्हें केवल और केवल घर के उन वास्तुदोषों को दूर करके ही दूर कर सकते हैं। विभिन्न दिशाओं के अनुसार अलग-अलग रंगों से उसे संतुलित नहीं किया जा सकता।

वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com

PunjabKesari Vastu and Wall Color Myths

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News