Thunderstorm Warning: इन राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं पड़ेंगे ओले तो कहीं होगी झमाझम बारिश, IMD ने अलर्ट किया जारी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:31 PM (IST)
IMD Warning for Thunderstorm : उत्तर भारत में ठंड एक बार फिर अपने पुराने तेवर दिखा रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज 4 फरवरी 2026 को दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में रहेगा।
दिल्ली-NCR: कोहरे की सफेद चादर और ठिठुरन
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। कम विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और कई ट्रेनों व फ्लाइट्स के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है। सुबह और देर रात ठिठुरन ज्यादा रहेगी जबकि दिन में ठंडी हवाएं सूरज की तपिश को बेअसर कर देंगी।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में अलर्ट
-
जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर पारा माइनस 5.3 डिग्री तक लुढ़क गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और बारिश का अनुमान है।
-
पंजाब और हरियाणा: जालंधर, अमृतसर और मोहाली समेत कई जिलों में पिछले 36 घंटों में ओलावृष्टि और बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां न्यूनतम तापमान 5-6°C तक गिर सकता है।
-
उत्तर प्रदेश और बिहार: यूपी के आगरा और मुरादाबाद समेत 25 जिलों में ओले गिरने और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। बिहार में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
सावधान! मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा है। कोहरे के दौरान हेडलाइट्स ऑन रखें और सुरक्षित दूरी बनाकर चलें। बुजुर्गों और बच्चों को शीतलहर से बचाने के लिए गर्म कपड़ों का उचित उपयोग करें। ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए किसान अपनी फसलों का ध्यान रखें।


