Heavy Rain Alert: हो जाएं तैयार! कल होगी गरज- चमक के साथ बारिश, चलेंगी तेज हवाएं, IMD का 13 राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 05:47 PM (IST)
UP weather News: उत्तर और पूर्वी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 13 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। IMD के अनुसार, कल यानी 9 अप्रैल को कई राज्यों में भारी तबाही की आशंका जताई है।
राज्यों के अनुसार 9 अप्रैल को ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कल उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के राज्यों में 80 kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 11 अप्रैल को हिमालयी क्षेत्र में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिससे मौसम एक बार फिर करवट लेगा।
1. उत्तर प्रदेश
यूपी में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी-बारिश कल भी जारी रहेगी। आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा और फिरोजाबाद जैसे जिलों में ओले गिरने की संभावना है। गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर समेत आसपास के इलाकों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, और गाजियाबाद समेत पश्चिमी और मध्य यूपी के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) का अलर्ट जारी किया गया है।
2. दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली में बुधवार को हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 9 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 14°C के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, 10 और 11 अप्रैल को 30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
<
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 8, 2026
मुख्य बिंदु
(i) एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में आज, 08 अप्रैल को ओलावृष्टि के साथ तीव्र वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
(ii) पूर्वी भारत में 08 अप्रैल को हल्की से मध्यम वर्षा, ओलावृष्टि, गरज के साथ बिजली की… pic.twitter.com/4SrubykhzK
>
3. बिहार में वज्रपात का खतरा
बिहार में भी मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जैसे जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
4. उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों में कल भी मौसम बिगड़ा रहेगा। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में आंधी चलेगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मध्यम बारिश हो सकती है। शिमला और कुल्लू समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है। यहाँ 40 kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण का हाल
असम, मेघालय, और अरुणाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। त्रिपुरा में भी कल मूसलाधार बारिश का अनुमान है। जहाँ उत्तर भारत में बारिश हो रही है, वहीं केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के तटीय इलाकों में मौसम काफी गर्म और आर्द्र (Humid) बना रहेगा।
IMD ने सावधानी बरतनें की दी सलाह
IMD ने आंधी और बिजली गिरने के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। किसानों को भी ओलावृष्टि से फसलों को बचाने के लिए जरूरी उपाय करने को कहा गया है।


