Heavy Rain Alert: अगले 2-3 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर में अप्रैल की शुरुआत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उमस और गर्मी की बजाय कई राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में खराब मौसम रहने की चेतावनी दी है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 6 अप्रैल तक मौसम खराब
देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले 2-3 दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ 2 अप्रैल की रात को फिर से सक्रिय होगा। इसके असर से 6 अप्रैल तक देश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन किसानों को फसलों का नुकसान हो सकता है।

दिल्ली-NCR में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में 2 अप्रैल को शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3 और 4 अप्रैल को हल्की बारिश और बादलों का बना रहना अनुमानित है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के चलने की संभावना है।

उत्तर भारत में तूफानी हवाओं की चेतावनी
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 3-4 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ओले गिरने की संभावना भी है। उत्तराखंड में 3-6 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बादल बरस सकते हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान में 2-6 अप्रैल के बीच हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी है। इन क्षेत्रों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश में 1, 2, 5 और 6 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 4 अप्रैल तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का भी अनुमान है।

पूर्वी भारत में बारिश और ओलावृष्टि
बिहार में 6 अप्रैल को, झारखंड में 1 और 4 अप्रैल को, ओडिशा में 4 अप्रैल को बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 2 अप्रैल को 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य भारत में आंधी और ओलावृष्टि
छत्तीसगढ़ में 1-2 अप्रैल को आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही 50-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

पश्चिमी भारत में बिजली गिरने की चेतावनी
गुजरात में 2-3 अप्रैल को गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। तटीय महाराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी आने का अलर्ट है। बिजली गिरने की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है।

दक्षिण भारत में बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट
रायलसीमा में 4 अप्रैल को, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 1-4 अप्रैल तक, केरल और माहे में 3-4 अप्रैल को, तथा तमिलनाडु में 3-4 अप्रैल को बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक बिजली गिरने का अलर्ट मौसम विभाग ने दिया है। मौसम विभाग ने सभी राज्यों के नागरिकों से सतर्क रहने और तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News