रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की चीनी रक्षा मंत्री शांगफू से मुलाकात, LAC पर तनाव कम करने को लेकर हुई चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2023 - 07:58 PM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने चीनी समकक्ष ली शांगफू के साथ बातचीत की और ऐसा समझा जाता है कि उन्होंने पूर्वी लद्दाख में जारी सीमा विवाद पर चर्चा की है। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए शांगफू के दिल्ली पहुंचने के बाद यह वार्ता हुई। भारत एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक की मेज़बानी कर रहा है।
PunjabKesari
तीन साल पहले पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद उत्पन्न होने के बाद यह चीन के रक्षा मंत्री की पहली भारत यात्रा है। सिंह और शांगफू के बीच मुलाकात को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच वार्ता से कुछ दिन पहले सीमा विवाद को खत्म करने के लिए भारत और चीन की सेनाओं ने 18वें दौर की सैन्य वार्ता की थी।

23 अप्रैल को हुई कोर कमांडर वार्ता में दोनों पक्ष संपर्क बनाये रखने और पूर्वी लद्दाख में शेष मुद्दों पर जल्द से जल्द पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने पर सहमत हुए थे। हालांकि, विवाद खत्म करने के लिए आगे बढ़ने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला था। भारत का कहना है कि जब तक सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति नहीं होगी तब तक चीन के साथ उसके संबंध सामान्य नहीं हो सकते।

गोवा में एससीओ सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के एक सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीनी विदेश मंत्री छिन कांग भी अगले सप्ताह भारत आने वाले हैं। बैठक चार और पांच मई को होनी है। सिंह ने बृहस्पतिवार को कजाकिस्तान, ईरान और ताजिकिस्तान के अपने समकक्षों के साथ भी अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता की। पाकिस्तान को छोड़कर चीन, रूस और एससीओ के अन्य सदस्य देशों के रक्षा मंत्री दिल्ली में हो रही बैठक में भाग ले रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ऑनलाइन माध्यम से बैठक में हिस्सा लेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News