Deloitte Layoff: अमेरिका में 1200 कर्मचारियों की होगी छंटनी, कंसल्टिंग बिजनेस में मंदी के चलते लिया गया फैसला
punjabkesari.in Saturday, Apr 22, 2023 - 04:28 PM (IST)

नई दिल्लीः मंदी की आशंका कई कंपनियों ने छंटनी का ऐलान किया है। अब इस लिस्ट में एक और कंपनी डेलॉयट भी शामिल हो गई है। डेलॉयट ने अमेरिका में लगभग 1,200 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का ऐलान किया है। यह देश में कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 1.4 फीसदी है। डेलॉयट ने अपने बिजनेस के कंसल्टिंग साइड में मंदी के चलते छंटनी का ऐलान किया है और इसके साथ ही यह ऐसा करने वाली 4 बड़ी फाइनेंशियल कंसल्टिंग कंपनियों में शामिल हो गई है। इस छंटनी से फाइनेंशियल एडवाइजरी बिजनेस जैसे क्षेत्र प्रभावित होंगे।
डेलॉयट ने क्या कहा?
डेलॉयट के मैनेजिंग डायरेक्टर जोनाथन गंडाल ने ईमेल में कहा, 'हमारे अमेरिकी बिजनेस में क्लाइंट डिमांड जारी है।' उन्होंने यह कहने से इनकार कर दिया कि ग्रोथ धीमा हो रहा है। डेलॉयट की एनुअल ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट के अनुसार यूएस में इसके कर्मचारियों की संख्या 2021 में 65,000 से बढ़कर पिछले साल 80,000 हो गए। लंदन हेडक्वार्टर वाली इस फर्म ने 2022 में 59.3 अरब डॉलर का वार्षिक राजस्व दर्ज किया।
इन कंपनियों ने भी की है छंटनी
डेलॉयट के अलावा, KPMG ने फरवरी में घोषणा की थी कि वह अमेरिका में अपने कर्मचारियों की संख्या में करीब 2% से भी कम की कटौती करेगी। इसी तरह Accenture ने अपने 2.5 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इसके अलावा, Ernst & Young ने अमेरिका में अपने कर्मचारियों की संख्या में से 5 फीसदी की कटौती का ऐलान किया है।
McKinsey & Co लगभग 2,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है। यह कंपनी में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी होगी। कंपनी के अमेरिकी कर्मचारियों की संख्या पिछले साल 25 फीसदी बढ़कर 86,000 से ज्यादा हो गई।