‘मानवता को लज्जित करती’ चंद लोगों द्वारा की जा रही दरिंदगियां!

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 02:54 AM (IST)

प्राचीन काल से ही भारत को उच्च नैतिकता, अहिंसा और मानवीय मूल्यों के ध्वजारोही के रूप में जाना जाता है परंतु आज लोग अपने उच्च प्राचीन आदर्शों को भूल दरिंदगियों की सारी हदें पार कर मानवता को लज्जित कर रहे हैं। स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है, यह पिछले अढ़ाई महीनों में सामने आई निम्न चंद घटनाओं से स्पष्टï है :

* 28 फरवरी को ‘जगत सिंह पुर’ (ओडिशा) में एक महिला से उसके ब्वायफ्रैंड द्वारा बलात्कार करने और उसी दिन उसकी मदद करने के बहाने एक अन्य व्यक्ति द्वारा उससे बलात्कार करने के बाद उसे चार मंजिला इमारत से नीचे फैंक कर उसकी हत्या करने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया। 
* 6 अप्रैल को ‘कोरबा’ (छत्तीसगढ़) में शराब पीने के आदी ‘अमरदास’ नामक युवक ने शराब की खातिर अपने दोस्त की उधार मांगी हुई मोटरसाइकिल बेच दी जिस पर उसके दोस्त को इतना गुस्सा आया कि उसने ‘अमरदास’ को निर्व कर उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। 

* 7 अप्रैल को ‘कोरबा’ (छत्तीसगढ़) में ‘रंजीत कुमार’ नामक युवक ने एक 7 वर्षीय बालक को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ गलत काम करने के बाद उसे 12 फुट गहरे कुएं में फैंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। 
* 22 अप्रैल को ‘बागपत’ (उत्तर प्रदेश) में 3 युवकों को एक युवक का अपहरण करके उसे सुनसान जगह पर ले जाकर नंगा करके डंडे से बेरहमी से पीटने और उससे कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।  
* 27 अप्रैल को ‘बाराबंकी’ (उत्तर प्रदेश) में एक युवक को दबंगों द्वारा रास्ते में रोक कर उसे नंगा करके लात-मुक्कों और लाठी-डंडों से पीटने, अपने पैरों पर नाक रगड़वाने और पेशाब पिलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया।
* 28 अप्रैल को ‘संभल’ (उत्तर प्रदेश) में 3 नाबालिगों के विरुद्ध पांचवीं कक्षा के एक छात्र के साथ अमानवीय हरकत करने और उसके निजी अंग में पैन डालने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया।  

* 30 अप्रैल को ‘हनुमानगंज’ (भोपाल) में 4 बदमाशों ने एक 22 वर्षीय आदिवासी युवक से किसी बात पर विवाद होने पर गुस्से में आकर उसे नंगा करके बेरहमी से पीट कर अधमरा करके उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया।   
* 3 मई को ‘अमरोहा’ (उत्तर प्रदेश) के ‘हसनपुर’ गांव में एक ब्यूटी पार्लर के मालिक का एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने अपने साथियों को बुलाकर उसे नंगा करके खम्भे से बांध कर पीटा।  
* 12 मई को ‘उल्हासनगर’ (महाराष्ट्र) में एक धर्म स्थल पर गई महिला का भीड़ के कारण कुछ लोगों से विवाद हो जाने पर उन्होंने महिला की पिटाई करने के बाद उसे निर्वस्त्र कर चप्पलों की माला पहनाकर उसे गांव में घुमाया।
* 17 मई को ‘चंडीगढ़’ में एक धधकते तंदूर में कुत्ते के पिल्ले को किसी अनजान व्यक्ति ने फैंक दिया जिससे वह तड़प-तड़प कर मर गया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
* 17 मई को ही ‘अम्बिकापुर’ (छत्तीसगढ़) जिले में व्यक्ति को अपनी गर्भवती पत्नी की बुरी तरह पिटाई करके बेहोश कर देने के बाद उसके प्राइवेट पार्ट में लगभग 10 इंच लम्बी लोहे की राड डाल कर उसकी तथा गर्भ में पल रहे बच्चे की हत्या कर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 

* 17 मई को ही ‘अलीगढ़’ (उत्तर प्रदेश) में शराब के लिए पैसे देने से इंकार करने पर दबंगों ने एक किशोर को बुरी तरह पीटने के बाद उसके सिर में लोहे की कील ठोक दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
* 17 मई को ही ‘हरदोई’ (उत्तर प्रदेश) के ‘बेनीगंज’ में एक लड़की के एकतरफा प्रेम में पागल 24 वर्षीय युवक शादी से इंकार करने पर लड़की को उठाकर सुनसान जगह में ले गया और वहां पेड़ से बांध कर उसे लात-घूंसों से पीटने के बाद उसके दोनों स्तन काट कर भाग गया। 
उक्त घटनाओं ने जहां देश में अपराधियों का शिकंजा कसने में सुरक्षा बलों की नाकामी को उजागर किया है वहीं बेलगाम होते बदमाशों और रंजिश के मामलों में बढ़ती दरिंदगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
अत: इस तरह की घटनाओं में शामिल बदमाशोंं को जहां कठोरतम दंड देने की आवश्यकता है, वहीं लोगों में इंसानी कदरों-कीमतों और दया-भावना की शिक्षा देने के लिए संतों-महात्माओं को आगे आने की जरूरत है।—विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News