‘चंद पुलिस कर्मियों की करतूतें कर रहीं’ विभाग को बदनाम!

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 03:49 AM (IST)

हालांकि पुलिस विभाग पर लोगों की सुरक्षा का जिम्मा होने के नाते इसके जवानों से अनुशासित होने की उम्मीद की जाती है परन्तु आज देश में चंद पुलिस कर्मी अपने कृत्यों से आलोचना के पात्र बनने के साथ-साथ अपने विभाग की बदनामी का कारण भी बन रहे हैं जिनकी पिछले लगभग 6 महीनों के दौरान सामने आई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 25 अप्रैल को ‘जयपुर’ (राजस्थान) में राज्य पुलिस के एक कांस्टेबल को एक युवती को शादी के सम्बन्ध में बात करने के बहाने होटल में बुला कर उससे बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
* 1 मई को ‘दिल्ली’ पुलिस की पांचवीं बटालियन में तैनात कांस्टेबल को 50 लाख रुपयों की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया। यह घटना 31 मार्च को उत्तरी दिल्ली के आजाद मार्कीट अंडरपास के निकट हुई थी जहां एक ऑटो रिक्शा को रोक कर लूट को अंजाम दिया गया था और इसकी साजिश रचने में उक्त पुलिस कांस्टेबल की मुख्य भूमिका थी। 

* 16 सितम्बर को ‘दिल्ली’ पुलिस के कांस्टेबल ‘दीपक बांगर’ को एक हाई-सिक्योरिटी वी.आई.पी. ड्यूटी पर तैनात होने के बावजूद संवेदनशील हथियारों का प्रदर्शन करते हुए सोशल मीडिया पर रील्स पोस्ट करने के आरोप में निलम्बित किया गया।
* 18 सितम्बर को ‘श्रीभूमि’ (असम) के ‘पथारकांडी’ रेलवे स्टेशन से एक व्यापारी को जबरदस्ती पकड़ कर अपने साथ ले जाने और उससे 14 लाख रुपयों की जबरन वसूली करने के आरोप में असम पुलिस के 2 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। 
* 23 सितम्बर को ‘अमरोहा’ (उत्तर प्रदेश) में 2 पुलिस कांस्टेबलों ‘प्रमोद’ तथा ‘संजय तोमर’ व ‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल’ के 2 कर्मचारियों ‘मोहित’ एवं ‘लाला राम’ को एक महिला को बंधक बना कर एक फार्म हाऊस में ले जाकर उससे गैंगरेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पीड़िता ने किसी तरह कमरे को अंदर से बंद करके पुलिस का हैल्पलाइन नम्बर खोज कर उसे सूचित किया जिसके बाद पुलिस ने आकर उसे छुड़ाया। 

* 23 अक्तूबर को ‘चित्रकूट’ (उत्तर प्रदेश) में एक सिपाही का नशे की हालत में अपनी वर्दी उतार कर सड़क पर लेटते हुए वीडियो वायरल होने पर उसे तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया।
* 27 अक्तूबर को ‘मधुबनी’ (बिहार) में सतर्कता विभाग ने ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को एक टिप्पर चालक से 30,000 रुपए रिश्वत लेते हुए  रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े जाने पर उसने बीमारी का बहाना बनाया और जमीन पर लेटकर रोने लगा।
* 27 अक्तूबर को ही ‘प्रयागराज’ (उत्तर प्रदेश) के ‘नैनी’ थाने में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत 2 आरोपियों से बरामद किए गए लगभग 6.55 लाख रुपयो में से सिर्फ 87,500 रुपए दिखाने और बाकी 5.67 लाख रुपए खुद हड़पने के आरोप में तीन दारोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया।
* 28 अक्तूबर को ‘कोझिकोड’ (केरल) में पुलिस के सर्कल इंस्पैक्टर ‘पी. बाबूमन’ व सीनियर सिविल पुलिस ऑफिसर ‘अब्दुल हमीद’ को एक बाल यौन शोषण के मामले की जांच में लापरवाही बरतने व  मुख्य आरोपी को समय रहते गिरफ्तार न करने के आरोप में निलम्बित किया गया। 

* 28 अक्तूबर को ही ‘कोटा’ (राजस्थान) से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी एक युवक के साथ सरेआम गाली-गलौज और दबंगई करता दिखाई दे रहा था, जिससे विभाग की काफी जगहंसाई हुई। 
ये तो वे उदाहरण हैं जो पकड़े गए हैं, ऐसे और न जाने कितने मामले होंगे जो पकड़े नहीं गए। पुलिस कर्मचारियों का ऐसा आचरण आपत्तिजनक व दंडनीय होने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी खतरा सिद्ध हो सकता है। अत: ऐसा करने वाले पुलिस कर्मियों का निलंबन ही काफी नहीं उन्हें कठोर और शिक्षाप्रद दंड देने तथा पुलिस ढांचे की ‘ओवरहालिंग’ करने की आवश्यकता है, ताकि इस रुझान पर रोक लगे।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News