‘मजबूरी या धन के लालच में’ अपने बच्चों को बेच रहे चंद माता-पिता!

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 02:52 AM (IST)

देश की स्वतंत्रता के बाद श्रीमती पुष्पा गुजराल एवं श्री ए.एन. गुजराल ने विभाजन से दुष्प्रभावित महिलाओं के लिए जालंधर में ‘नारी निकेतन’ की स्थापना की। इसकी बाहरी दीवार में एक पालना भी बनवाया गया जिसका संदेश है कि ‘‘यहां कोई बच्चा अवांछित नहीं है। अपने नवजात शिशु का पालन-पोषण करने में असमर्थ मां-बाप उसे यहां छोड़ सकते हैं। कोई सवाल नहीं पूछे जाएंगे और शिशु का भविष्य सुरक्षित रहेगा।’’ इस तरह यहां कई बच्चों ने नवीन भविष्य पाया। धीरे-धीरे समाज एवं कानून में कई बदलाव आए। अब इस ‘पालने’ में कभी-कभार बच्चे बहुत सुबह या अधिकतर रात को छोड़े जाने लगे हैं। 

परंतु अब जमाना बदल गया है तथा हाल के दिनों में भारत के विभिन्न हिस्सों से जरूरतमंद माता-पिताओं द्वारा अपने ही बच्चों को बेचने की मार्मिक खबरें आने लगी हैं। इनके पीछे मुख्यत: गरीबी, कर्ज का बोझ और कुछ मामलों में लालच या ऐश्वर्यपूर्ण इच्छाओं को पूरा करना शामिल है। पुलिस और ‘बाल कल्याण समितियों’ ने इनमें से कई बच्चों को सुरक्षित रैस्क्यू करके दोषियों को गिरफ्तार भी करवाया है, जिनकी इसी वर्ष सामने आई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 17 जनवरी को ‘भद्रक’ (ओडिशा) के ‘बयांबनापुर’ गांव में कर्ज चुकाने के लिए अपनी नवजात बच्ची को 35,000 रुपयों में बेच देने के आरोप में ‘रंजीता’ नामक महिला तथा उसके पति ‘सीपू दास’ के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद बच्ची को सुरक्षित रैस्क्यू करके ‘बाल कल्याण समिति’ के हवाले कर दिया।
* 23 जून को ‘कृष्णा’ (आंध्र प्रदेश) जिले में ‘बाल कल्याण समिति’ ने एक मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करके एक दम्पति द्वारा ‘विजयवाड़ा’ में 2.65 लाख रुपयों में बेचे गए उनके मासूम बच्चे का पता लगा कर इस सिलसिले में ‘मैरी’ तथा ‘सरोजा’ नामक 2 महिला दलालों के विरुद्ध केस दर्ज करवाया।  

* 28 जुलाई को ‘बोलांगीर’ (ओडिशा) जिले के एक दम्पति ‘नीला’ और उसकी पत्नी ‘कनक’ ने अत्यधिक गरीबी के कारण अपनी 28 दिनों की मासूम बेटी को ‘बारगढ़’ जिले के ‘पैकमल’ गांव में  मात्र 20,000 रुपयों में बेच दिया।  
* 25 अगस्त को ‘मोतीहारी’ (बिहार) में एक दम्पति द्वारा कुछ रिश्तेदारों के साथ मिल कर पैसों के लालच में अपने नवजात बेटे को 54.50 लाख रुपयों में बेचने का मामला सामने आया। पुलिस ने इस सिलसिले में बच्चे के माता-पिता ‘प्रमोद सहनी’ और ‘इंदू देवी’, बिचौलिया ‘तान्या खातून’,आशा वर्करों ‘शोभा सिंह’ तथा ‘चिंता देवी’  सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया।  
* 29 सितम्बर को ‘छत्रपति सम्भाजी नगर’ (महाराष्ट्र) में एक दम्पति द्वारा पैसों की खातिर अपने 1 महीने के मासूम बेटे को 1.20 लाख रुपयों में बेच कर उन पैसों से 2 स्मार्ट फोन व गहने खरीदने का मामला सामने आया। 
बच्चे की मां ने शुरू में पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी परंतु पुलिस जांच के बाद इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हो जाने पर बच्चे को रैस्क्यू कर माता-पिता समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 
* 29 सितम्बर को ही ‘नगीना’ (उत्तर प्रदेश) की पुलिस ने एक दम्पति द्वारा बेचे गए अपने सवा वर्ष आयु के बच्चे को ‘हरिद्वार’ से सकुशल बरामद करके बच्चे के माता-पिता सहित  6 लोगों को गिरफ्तार किया। 

* 4 अक्तूबर को ‘गढ़वा’ (झारखंड) जिले में प्रसव के कुछ ही घंटों बाद एक महिला द्वारा अपने नवजात बच्चे को बेचे जाने की खबर सामने आने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘पलामू’ के ‘मेदिनीनगर’ इलाके से बच्चे को बरामद कर खरीदार महिला को हिरासत में लिया।
* 18 अक्तूबर को ‘कासगंज’ (उत्तर प्रदेश) में एक महिला ने अपने 45 दिनों के बेटे को एक डाक्टर दम्पति को डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया। उक्त उदाहरणों से स्पष्टï है कि आज मासूम बच्चे-बच्चियां किस प्रकार अपने ही जन्मदाताओं के निशाने पर आए हुए हैं। अत: इस मामले में दोषी पाए जाने वाले माता-पिताओं तथा गरीबी के कारण उन्हें भीख मंगवाने, देह व्यापार तथा मानव अंग तस्करी में धकेलने वाले दलालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की जरूरत के साथ-साथ उन कारणों को भी दूर करने की जरूरत है, जिनसे ऐसे हालात पैदा होते हैं।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News