‘देश में सक्रिय हो रहे हैं’ लुटेरी दुल्हनों के गिरोह!

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 02:45 AM (IST)

देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश आदि में ‘लुटेरी दुल्हनों’ के ऐसे अनेक गिरोह सक्रिय हो रहे हैं जो उन लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं जिनकी किसी कारणवश शादी न हो रही हो।  ये समाज विरोधी लोग शादी के लिए उतावले युवकों की शादी अपने गिरोह में शामिल युवतियों से करवा देते हैं जो कुछ ही दिनों में वहां से धनराशि, गहने आदि चुरा कर फरार हो जाती हैं और किसी नए शिकार की तलाश शुरू कर देती हैं। ऐसी ही ‘लुटेरी दुल्हनों’ की पिछले 2 महीनों की चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 4 मई को ‘महाराज गंज’ (उत्तर प्रदेश) में ‘सिंदुरिया’ पुलिस ने कुंवारे लड़कों को शादी का झांसा देकर उनसे रुपए-पैसे और गहने आदि ऐंठ कर रफू-चक्कर हो जाने वाले एक बड़े ‘लुटेरी दुल्हन गिरोह’ का पर्दाफाश कर 4 महिलाओं तथा उनके साथियों को गिरफ्तार करके उनके पास से नकद रकम और आभूषण बरामद किए।
* 6 मई को ‘बीड’ (महाराष्टï्र) जिले के ‘उमापुर’ गांव में पुलिस ने एक ऐसी महिला को पकड़ा जो अलग-अलग जिलों के 8 युवकों से उनके साथ एक-दो दिनों की शादी करके लाखों रुपए ऐंठ चुकी थी लेकिन अब नौवें युवक से शादी करके उसे ठगने की कोशिश के दौरान पकड़ी गई। 

* 19 मई को ‘भोपाल’ (मध्य प्रदेश) के ‘नजीराबाद’ इलाके में एक युवक से 2.5 लाख रुपए ठग कर शादी के मात्र 10 दिनों के भीतर ही ‘लुटेरी दुल्हन’ गायब हो गई। 
* 21 मई को पुलिस ने ‘ललितपुर’ (उत्तर प्रदेश) में शादी के केवल 2 दिन बाद ही ससुराल वालों को नशीले लड्डू खिलाकर बेहोश करने के बाद रुपए पैसे लूट कर चम्पत हो जाने वाली 5 लुटेरी दुल्हनों समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया। 
* 24 मई को ‘मुजफ्फरनगर’ (उत्तर प्रदेश) के ‘छपार’ क्षेत्र में पुलिस ने शादी के अगले ही दिन गहने और नकदी समेटकर फरार हो जाने वाली 3 लुटेरी दुल्हनों को गिरफ्तार किया।

* 10 जून को ‘जोधपुर’ (राजस्थान) के ‘देवनगर’ थाना की पुलिस ने एक ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश करके एक कुंवारे युवक से शादी रचाने के कुछ ही दिनों बाद गहने और कैश लेकर भागने वाली लुटेरी दुल्हन समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया।
* 28 जून को ‘पन्ना’ (मध्य प्रदेश) के ‘अमानगंज’ थाना क्षेत्र में दलालों के साथ मिलकर एक विधुर से 2 लाख रुपए ठगने वाली एक ‘लुटेरी दुल्हन’ को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरोह का भांडाफोड़ सुहागरात के अगले ही दिन उस समय हुआ जब दूल्हे की बहन ने नई दुल्हन को फोन पर चुपके से अपने गैंग के साथियों से बात करते हुए सुन लिया कि :
‘‘मेरे हिस्से के पैसे तैयार रखना, मैं सुबह इनको चकमा देकर जबलपुर भाग रही हूं।’’ अगली सुबह जब लुटेरी दुल्हन वहां से खिसकने लगी तो दूल्हे के परिजनों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। 

* और अब 28 जून को ही ‘गगरेट’ (हिमाचल प्रदेश) में लुटेरी दुल्हन  के शिकार बने एक युवक ने पुलिस में शिकायत की है कि 2 दिन पहले ही ब्याह कर घर लाई गई दुल्हन रात को मौका मिलते ही नकदी व गहने लेकर फरार हो गई है। उक्त घटनाओं से स्पष्टï है कि आज देश में सक्रिय समाज विरोधी तत्व जरूरतमंद लोगों की मजबूरी का किस तरह अनुचित लाभ उठा रहे हैं। लिहाजा झटपट शादी कराने के फेर में न पड़ कर ऐसे गिरोहों से बच कर रहने और अच्छी तरह जांच-पड़ताल करने के बाद ही रिश्ता करना चाहिए तथा लोगों के साथ इस तरह की ठगी करने वालों को कठोरतम सजा दी जानी चाहिए ताकि इस बुराई पर रोक लग सके।—विजय कुमार  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News