तीसरे प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी पत्नी, गुस्साए पति ने खोया आपा; ब्लेड उठाया और फिर...
punjabkesari.in Monday, Aug 04, 2025 - 06:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के नगर निगम में सफाई कर्मी के तौर पर तैनात महिला की बेरहमी से हत्या करने वाले उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह अपने तीसरे प्रेमी से शादी करना चाहती थी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित कर रखा था।
मुंबई से लौटा पति, प्रेमी के पास लौटने की जिद पर भड़का
घटना 15 जुलाई को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतका दीपा की यह दूसरी शादी थी। पहले पति बब्लू की मौत के बाद उसने वर्ष 2021 में राजीव कुमार से विवाह किया था। कुछ समय बाद राजीव काम के सिलसिले में मुंबई चला गया और इसी दौरान दीपा की नजदीकियां भोजीपुरा क्षेत्र के अरुण मैसी से बढ़ गईं। वह अरुण के साथ डेलापीर में किराए के मकान में रहने लगी थी।
चार दिन पहले राजीव मुंबई से लौटा तो दीपा उससे मिल गई, लेकिन उसने अरुण से बातचीत बंद नहीं की। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। 14 जुलाई की रात बहस के बाद 15 जुलाई की सुबह दीपा ने फिर से अरुण के पास जाने की बात कही। गुस्से में राजीव ने दीपा पर पहले चारपाई के पाए से हमला किया और फिर ब्लेड से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद हुआ फरार, पुलिस ने दबोचा
घटना के बाद राजीव मौके से फरार हो गया था। मकान मालिक संतोष कुमार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इज्जतनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के अनुसार, राजीव को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।