हिमाचल में आप के रोड शो में लगे ''केजरीवाल मुर्दाबाद'' के नारे, दिल्ली CM ने बीच में छोड़ा भाषण
punjabkesari.in Thursday, Nov 03, 2022 - 11:03 PM (IST)

नेशनल डेस्कः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए हिमाचल पहुंचे। उन्होंने सोलन में रोड शो किया और जनता को संबोधित किया। लेकिन इस दौरान उनके रोड शो में हंगामा हो गया। दरअसल, रोड शो में केजरीवाल के सामने ही लोग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस पर AAP के कार्यकर्ता नारे लगाने वालों से भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लात घूंसे चले। केजरीवाल को अपना भाषण बीच में ही रोकना पड़ा।
चुनाव प्रचार में पहली बार आए केजरीवाल
पंजाब में जीत के बाद AAP ने हिमाचल में जिस तरह अपनी चुनावी कैंपेन शुरू की, उसे देखकर पहाड़ी लोगों को खासी उम्मीद बंधी। हालांकि बाद में अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल से एक तरह से मुंह मोड़ लिया। वह लगभग 4 महीने बाद गुरुवार को पहली बार चुनाव प्रचार के लिए सोलन आए थे जहां विवाद हो गया। अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कुछ समय से गुजरात में अपनी पार्टी के प्रचार को ज्यादा समय दे रहे हैं। ऐसे में हिमाचल में तीसरा विकल्प बनने का AAP का दावा हवा-हवाई ही साबित हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव प्रचार में गुरुवार को पहली बार अरविंद केजरीवाल पहुंचे थे। वे सोलन सीट से उम्मीदवार अंजू राठौर के लिए रोड-शो कर रहे थे, तभी हंगामा हो गया। हिमाचल में 12 नवंबर को वोटिंग होना है।