Rain Alert: सावधान! 1 मई से बिगड़ेगा मौसम, गरज चमक के साथ होगी भीषण बारिश, IMD का अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 03:58 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में गर्मी अब धीरे-धीरे असर दिखाने लगी है। 29 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया, जो इस सीजन का संकेत है कि गर्मी अब तीव्र हो रही है। ऊना में सबसे ज्यादा तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जबकि केलांग में सबसे कम 3.5 डिग्री रहा। लाहौल स्पीति के ताबो में 41 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं किन्नौर के रिकांगपिओ और शिमला के कोटखाई में 39-39 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। कुफरी में भी 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई। यह हवाएं खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में परेशानी का कारण बन रही हैं।
मई की शुरुआत में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 1 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। 1 से 5 मई के बीच कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
आज और कल शुष्क मौसम, लू से रहें सतर्क
29 और 30 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। खासतौर पर मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों जैसे ऊना, मंडी और कुल्लू जिलों में लू का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है ताकि गर्मी और लू से स्वास्थ्य पर बुरा असर न पड़े।