बुराड़ी कांड का रहस्य गहराया, मृतकों की बहन बोली- ये आत्महत्या नहीं हत्या है

punjabkesari.in Monday, Jul 02, 2018 - 07:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की मौत का रहस्य गहराने के बीच इस परिवार के दो सदस्यों ने आज जोर देकर कहा कि मृतकों ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उनकी हत्या की गई है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि 15 से 77 साल तक की उम्र के 11 सदस्यों ने कल आपसी सहमति से कहीं खुदकुशी तो नहीं की। 
PunjabKesari
अंधविश्वासी नहीं था परिवार
पुलिस ने इस पहलू पर जांच उस वक्त शुरू की जब कल उसे घर में हाथ से लिखे गए नोट्स मिले, जिसमें इन मौतों के पीछे कोई धार्मिक या आध्यात्मिक पहलू होने के संकेत थे। हाथ से लिखे गए नोटों में कहा गया है कि  मानव शरीर अस्थायी है। अपनी आंखें और मुंह बंद करके डर से उबरा जा सकता है। घर के फर्श पर मृत पाई गईं नारायण देवी (77) की बेटी सुजाता नागपाल ने मीडिया पर आरोप लगाया कि वह चीजों के बारे में अटकलें लगा रहा है और खुदकुशी की कहानी सुना रहा है। सुजाता ने कहा कि मैं हर दूसरे दिन अपनी मां से बात करती थी। हमारे परिवार में सब कुछ अच्छा चल रहा है। हम शिक्षित परिवार के लोग हैं और बाबा जैसी चीजों में यकीन नहीं करते। यह खुदकुशी का मामला नहीं है। 
PunjabKesari
बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार 
नारायण देवी की भतीजी गीता ठकराल ने कहा कि उन्हें शक है कि परिवार के बाहर का कोई शख्स इन मौतों में शामिल है। गीता को कल शाम 6:30 बजे इस घटना के बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि परिवार मृतकों में शामिल प्रियंका (33) की शादी की तैयारियों में जुटा था और पिछले महीने हुई उसकी सगाई का जश्न मनाया गया था। उन्होंने कहा कि वे किसी अन्य सामान्य परिवार की तरह धार्मिक थे। बाबा और तांत्रिक के बहुत सारे किस्से सुनने के बाद हमारा परिवार उन पर शायद ही यकीन करता था। 
PunjabKesari
कारोबार चल रहा था अच्छा
गीता ने कहा कि परिवार का कारोबार अच्छा चल रहा था। परिवार में कोई झगड़ा नहीं था। वे शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। वे सब खुश थे, तो वे खुदकुशी क्यों करेंगे? 11 मृतकों की पहचान नारायण देवी, उनकी बेटी प्रतिभा (57), देवी के दो बेटे भवनेश (50) और ललित भाटिया (45), ललित की पत्नी टीना (42) और उनका 15 साल का बेटा शिवम शामिल हैं। इसके अलावा, प्रतिभा की बेटी प्रियंका भी मृतकों में शामिल है। पुलिस ने बताया कि देवी को छोड़कर बाकी सभी के शव छत में लगी छड़ों से झूलते पाए गए थे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News