इस साल दुनिया में घटी 10 सबसे बड़ी घटनाएं, दूसरे नंबर वाला हादसा भारतीयों को दे गया गहरा दर्द
punjabkesari.in Monday, Dec 15, 2025 - 03:27 PM (IST)
Year Ender 2025 : साल 2025 अब कुछ ही हफ्तों में इतिहास का हिस्सा बनने वाला है, लेकिन यह साल दुनिया भर के लिए शांति से ज्यादा संघर्ष, राजनीति से ज्यादा टकराव और कूटनीति से ज्यादा टकराहट का प्रतीक बनकर उभरा। भारत-पाकिस्तान से लेकर मध्य-पूर्व, अमेरिका से लेकर एशिया तक शायद ही कोई महीना ऐसा रहा हो जब कोई बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटना सुर्खियों में न रही हो। भारत के पड़ोस में जहां युवाओं के आंदोलन ने सरकार गिरा दी वहीं अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप अपने फैसलों और बयानों के चलते सबसे बड़े ‘न्यूजमेकर’ बने रहे। आइए नजर डालते हैं 2025 की उन प्रमुख घटनाओं पर जो पूरे साल दुनिया की चर्चा में रहीं।
Nepal Gen-Z Protest: युवाओं ने गिरा दी सरकार
नेपाल में जेन-जी यानी Gen-Z का विरोध प्रदर्शन 2025 की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रहा। सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन जल्द ही बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों से जुड़ गया। प्रदर्शन हिंसक हो गए और हालात इतने बिगड़े कि केपी ओली की सरकार को सत्ता से बाहर होना पड़ा। इस आंदोलन ने एशिया में युवाओं की बढ़ती राजनीतिक ताकत को दिखाया।
Operation Sindoor: आतंक पर भारत का निर्णायक प्रहार
अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया। आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर उनकी निर्मम हत्या कर दी, जिसमें करीब 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। इस हमले के बाद भारत में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत ने मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। इस सैन्य अभियान के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंक के 9 बड़े ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह किया गया। इस कार्रवाई ने न सिर्फ भारत-पाक रिश्तों को फिर तनाव के चरम पर पहुंचा दिया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे को केंद्र में ला दिया।
America Shutdown: 43 दिन ठप रहा सिस्टम
साल 2025 में अमेरिका को अपने इतिहास के सबसे लंबे सरकारी शटडाउन का सामना करना पड़ा। करीब 43 दिनों तक संघीय सरकार के कई अहम विभाग बंद रहे। सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला जरूरी सेवाएं प्रभावित हुईं और हवाई सेवाओं पर भी इसका सीधा असर पड़ा। दिलचस्प बात यह रही कि इससे पहले भी सबसे लंबा शटडाउन डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में ही हुआ था। इस शटडाउन ने अमेरिकी राजनीति में बजट विवाद और सत्ता संघर्ष को उजागर कर दिया।
Iran-Israel War: मध्य-पूर्व में भड़की आग
2025 में इजरायल और ईरान के बीच तनाव खुले युद्ध में बदल गया। जून 2025 में इजरायल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल ठिकानों पर भीषण हमले किए जिसमें अमेरिका ने इजरायल का खुलकर साथ दिया। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल के सैन्य ठिकानों पर बड़ी मिसाइलों से हमला किया। इस संघर्ष में ईरान के कई न्यूक्लियर ठिकाने तबाह हुए और उसके कई शीर्ष न्यूक्लियर वैज्ञानिकों की मौत हो गई। यह युद्ध वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनकर उभरा।
American Pope: इतिहास में पहली बार अमेरिकी पोप
धार्मिक इतिहास में 2025 एक ऐतिहासिक साल साबित हुआ। 21 अप्रैल 2025 को पोप फ्रांसिस के निधन के बाद 7-8 मई को वेटिकन में कॉन्क्लेव हुआ। चौथे बैलेट में कार्डिनल रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट को नया पोप चुना गया जिन्होंने ‘पोप लियो XIV’ नाम अपनाया। वह इतिहास के पहले अमेरिकी पोप बने। इस फैसले को चर्च की वैश्विक राजनीति और अमेरिका की बढ़ती भूमिका के रूप में देखा गया।
Air India Flight Crash: अहमदाबाद की त्रासदी
2025 में गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया। यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि विमान में सवार 241 यात्रियों में से सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बच सका। विमान एक इमारत से टकरा गया जहां अस्पताल का हॉस्टल था। हादसे के वक्त हॉस्टल में खाना खा रहे कई डॉक्टरों की भी मौत हो गई। इस दुर्घटना में कुल मिलाकर करीब 270 लोगों की जान चली गई जिसने देश को गहरे सदमे में डाल दिया।
Trump-Elon Musk Fallout: दोस्ती से दुश्मनी तक
2024 के अमेरिकी चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क की नजदीकियां चर्चा में थीं लेकिन 2025 में दोनों के रिश्तों में दरार साफ दिखी। सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर दोनों एक-दूसरे पर जुबानी हमले करते नजर आए। यह टकराव राजनीति और टेक इंडस्ट्री के टकराते हितों का प्रतीक बन गया।
Trump Tariffs: टैरिफ बम और वैश्विक बाजार
अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत करते ही डोनाल्ड ट्रंप ने आयात पर भारी टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। इसका असर चीन, यूरोप, भारत समेत कई देशों पर पड़ा। वैश्विक बाजार में अस्थिरता बढ़ी और व्यापारिक तनाव गहराया। जहां समर्थकों ने इसे अमेरिकी उद्योगों की सुरक्षा बताया, वहीं आलोचकों ने महंगाई और वैश्विक व्यापार युद्ध का खतरा जताया।
Pakistan-Afghanistan Tension: रिश्तों में दरार
तालिबान के अफगानिस्तान में सत्ता में आने पर खुश नजर आने वाला पाकिस्तान 2025 में खुद संकट में दिखा। पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ा और दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
Russia-India-China Rise: महाशक्तियों का महामिलन
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के मंच पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। खासकर अमेरिका इस समीकरण को लेकर सतर्क नजर आया।
