NDA की संसदीय बोर्ड की बैठक आज, सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं नरेंद्र मोदी, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jun 07, 2024 - 07:58 AM (IST)

नेशनल डेस्कः नरेन्द्र मोदी को नेता चुनने के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक होने की संभावना है। इसके साथ ही मोदी का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह रविवार को हो सकता है। 
PunjabKesari
मानहानि मामले में राहुल गांधी आज बेंगलुरु कोर्ट में होंगे पेश 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा की कर्नाटक द्वारा दायर मानहानि के मामले में शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत के समक्ष पेश होंगे। भाजपा की कर्नाटक इकाई ने कांग्रेस पर मुख्यधारा के समाचार पत्रों में कथित रूप से झूठे विज्ञापन जारी करने का आरोप लगाया था। 

दिल्ली में तापमान में आई तीन डिग्री की गिरावट, लोगों को भीषण गर्मी से मिली थोड़ी राहत 
दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। 

उत्तराखंड में हादसे के शिकार हुए कर्नाटक के नौ ट्रैकर के शव बेंगलुरु लाए जाएंगे 
उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण जान गंवाने वाले कर्नाटक के नौ ट्रैकर के शव शुक्रवार को दिल्ली के रास्ते बेंगलुरु लाए जाएंगे। मल्ला-सिल्ला-कुशकल्याण-सहस्त्रताल पर ट्रैकिंग पर गया कर्नाटक और महाराष्ट्र के ट्रैकर का 22 सदस्यीय दल तीन जून को बर्फीले तूफान की चपेट में आने के कारण रास्ता भटक गया था और अत्यधिक ठंड के कारण उसके नौ सदस्यों की मृत्यु हो गई।  

रिजर्व बैंक के गवर्नर दास करेंगे मौद्रिक नीति की घोषणा 
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास शुक्रवार को द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेंगे। मुद्रास्फीति को लेकर चिंता के बीच नीतिगत दर यथावत रखे जाने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने फरवरी, 2023 से नीतिगत दर रेपो को 6.5 प्रतिशत पर यथावत रखा है। 

दिल्ली में टूटा कांग्रेस-AAP गठबंधन, गोपाल राय बोले- अकेले लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी का गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था और उन्होंने संकेत दिया कि सत्तारूढ़ पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेगी। 

280 सांसद पहली बार पहुंचे संसद, रामायण के राम अरुण गोयल से लेकर पूर्व जज तक पहुंचे लोकसभा
लोकप्रिय टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल, दलित अधिकार कार्यकर्ता चंद्रशेखर आजाद और पूर्ववर्ती राजपरिवार के यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार उन 280 सदस्यों में शामिल हैं जो लोकसभा का चुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचे हैं। पूर्व मुख्यमंत्रियों, राज्यसभा सदस्यों, उद्यमियों और यहां तक कि हाईकोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश ने हाल ही में संपन्न आम चुनावों में जीत हासिल कर संसद के 543 सदस्यीय निचले सदन में प्रवेश किया है। 

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CISF की जवान ने कंगना रनौत को मारा थप्पड़, हिरासत में आरोपी
बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर चेक इन के समय कंगना को CISF की जवान ने थप्पड़ मारा है। सांसद की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि जैसे वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने के लिए पहुंची। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News