Heavy Rain Alert: देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत अत्यधिक आंधी-बारिश की चेतावनी, सूची जारी

punjabkesari.in Monday, May 19, 2025 - 07:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। एक ओर जहां कुछ राज्यों में बारिश और तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में देश के 16 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश से लेकर हीटवेव तक की चेतावनी जारी की है।

भारी बारिश का अलर्ट: इन राज्यों में रहें सतर्क

सोमवार और मंगलवार को असम, मेघालय, कर्नाटक, केरल, बिहार, गोवा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मंगलवार को आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में भी मूसलधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि इन राज्यों में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और तूफान आने की भी आशंका है।

तूफान और तेज हवाएं: इन 16 राज्यों में अलर्ट

 मौसम विभाग ने 16 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया। इनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।

हीटवेव का कहर: उत्तर भारत में बढ़ा पारा

उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है।

  • राजस्थान: श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और चूरू जैसे इलाकों में तापमान 43°C से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में लू और 14 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

  • उत्तर प्रदेश: यहां भी अगले कुछ दिनों तक लू की स्थिति बनी रहेगी।

  • दिल्ली-NCR: शनिवार को तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। मेट्रो स्टेशन की टिन शेड तक उड़ गई। आने वाले दिनों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन गर्मी से तुरंत राहत नहीं मिलेगी।

बिहार और मध्य प्रदेश में तेज मौसम बदलाव

  • बिहार: सभी 38 जिलों में आज बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट है। गया में दीवार गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई।

  • मध्य प्रदेश: भोपाल में हल्की बारिश और इंदौर में तेज बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर में आंधी आई। 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मानसून की दस्तक: दक्षिण भारत से शुरूआत

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में दस्तक दे दी है। अगले तीन-चार दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान और बढ़ सकता है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 4-5 दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। दिल्ली में 20 से 22 मई के बीच हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News