Heavy Rain Alert: दिल्ली में मूसलधार बारिश शुरू, 14, 15, और 16 मई तक मौसम का बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Saturday, May 10, 2025 - 01:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्लीवासियों के लिए आज का दिन कुछ खास रहा, जब अचानक मौसम ने करवट ली और राजधानी में मूसलधार बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में बादल गहरे होने के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है। वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा में धूप खिली हुई है, और वहां मौसम कुछ अलग ही दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
#WATCH | Delhi | Rain lashes parts of the national capital; visuals from North Block. pic.twitter.com/EU46ln9jPs
— ANI (@ANI) May 10, 2025
आगे क्या है मौसम का हाल?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 13 मई तक हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। इसके साथ ही आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। राजधानी में खराब मौसम का यह सिलसिला 16 मई तक जारी रह सकता है। 14, 15, और 16 मई के दौरान आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन हवा की रफ्तार धीमी हो सकती है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों का मौसम
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 से 5 डिग्री कम था। पालम हवाई अड्डे पर भी हल्की बारिश हुई और हवाएं 37 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं।
बाकी भारत में क्या है मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत में 10 मई से गर्म हवा का नया दौर शुरू हो सकता है। अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। 10 से 13 मई के बीच पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
मानसून की दिशा
मानसून को लेकर भी एक अहम अपडेट आया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 मई के आस-पास दक्षिणी अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच सकता है।