Heavy Rain:13, 14 और 16, 17 मई को इन 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं का अलर्ट, चक्रवातीय सिस्टम एक्टिव, IMD की चेतावनी

punjabkesari.in Tuesday, May 13, 2025 - 07:00 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर के 15 राज्यों में मौसम ने करवट ली है और अगले कुछ दिनों तक हालात और बिगड़ सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज़ हवाएं और गरज-चमक के साथ तूफानी मौसम का खतरा मंडरा रहा है। पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश से लेकर असम और झारखंड तक कई क्षेत्रों में चक्रवातीय सिस्टम सक्रिय हो चुके हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

 उत्तर भारत में तेज़ हवाएं और बारिश

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा-चंडीगढ़ सहित कई उत्तर-पश्चिमी राज्यों में बीते 24 घंटों के दौरान 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी हवा की रफ्तार 30-60 किमी प्रति घंटे रही। कई इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे फसलें और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश, त्रिपुरा में तबाही

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। त्रिपुरा में तूफान और बारिश ने 1,800 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचाया है और करीब एक हजार लोग बेघर हो गए हैं। अगरतला मौसम केंद्र ने अगले चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा प्रभावित पश्चिम त्रिपुरा के मोहनपुर उप-मंडल में राहत शिविर खोले गए हैं।

सक्रिय हैं कई चक्रवातीय सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार इस समय पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जिससे अगले कुछ दिनों तक गर्जना और तेज़ हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

  • 13 मई: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान में बारिश

  • 14 मई: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज़ हवाएं

  • 16-17 मई: हिमाचल प्रदेश में मध्यम स्तर की बारिश

 पूर्वी और मध्य भारत में गर्मी और लू का प्रकोप

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गर्मी चरम पर है। कई क्षेत्रों में पारा 44-45°C तक पहुंच सकता है, खासकर पश्चिम राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर में।

  • 14-18 मई: यूपी और बिहार में लू और उमस

  • 13-15 मई: झारखंड में भीषण गर्मी

  • 15 मई: गंगा के मैदानी इलाकों में गर्म रातों की चेतावनी

मराठवाड़ा में बिजली गिरने से दो की मौत

महाराष्ट्र के बीड और लातूर जिलों में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। कुछ मवेशी भी हताहत हुए हैं। नासिक में बेमौसम बारिश से प्याज, आम और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

मानसून ने दिखाई रफ्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने तय समय पर आगे बढ़ रहा है। निकोबार द्वीपसमूह और अंडमान सागर में इसकी सक्रियता से भारी वर्षा और तेज़ हवाओं का सिलसिला जारी है, जो अगले 24 घंटे में और तेज हो सकता है।

अगले कुछ दिन कैसे रहेंगे?

  • छत्तीसगढ़ में 12-13 मई को तेज़ बारिश और 60 किमी/घंटे की हवा

  • मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14-16 मई को तेज हवाएं

  • सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में 13-16 मई के बीच बारिश और गरज

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News