भारत की G20 अध्यक्षता के मुरीद हुए विश्व बैंक अध्यक्ष अजय बंगा, जमकर की तारीफ
punjabkesari.in Monday, Sep 11, 2023 - 01:44 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः विश्व बैंक प्रमुख अजय बंगा ने जी20 शिखर सम्मेलन की सफल अध्यक्षता करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी व जमकर उनकी तारीफ की।'' शिखर सम्मेलन के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए अजय बंगा ने रविवार को कहा कि भारत ने जी20 की अध्यक्षता में दुनिया के लिए एक रास्ता तय किया है। विश्व बैंक प्रमुख अजय बंगा ने जी20 शानदार घोषणापत्र सुनिश्चित करने के लिए भारत और उसके नेतृत्व के साथ-साथ जी20 के सभी नेताओं की सराहना की।विश्व बैंक के अध्यक्ष जी20 ने भारत के जरिए दुनिया के लिए एक रास्ता तय करने का एक सही तरीका खोजा है। जी20 को विकसित दुनिया और विकासशील देश मिले हैं।
बंगा ने इस बात पर जोर दिया कि चुनौतियां हमेशा मौजूद रहेंगी लेकिन भारत ने आम सहमति बनाकर रास्ता आसान कर दिखाया है।
बंगा ने कहा कि मैं इस तथ्य से खुश हूं कि जी20 देश एक दूसरे का साथ देने को एकजुट खड़े हैं। अगर वे किसी विषय पर सहमत नहीं होंगे तो इससे अच्छा संदेश नहीं जायेगा। मैं वास्तव में घोषणापत्र पर आम सहमति बनाने में सक्षम होने के लिए भारत, उसके नेतृत्व और जी20 लीडर्स की सराहना करता हूं। बंगा ने कहा कि हर देश अपना फायदा देखता है, लेकिन मैंने इस सम्मेलन में जो मूड देखा, उससे मैं आशावादी हूं। विश्व बैंक अध्यक्ष ने कहा कि यहां हर देश अपने राष्ट्रीय हितों का ध्यान तो दे रहा था, लेकिन दूसरे के विचारों को भी सुन रहा था। बता दें कि जी20 घोषणापत्र की सबसे बड़ी उपलब्धि यह थी कि इसके सभी 83 पैराग्राफ चीन और रूस के साथ 100 प्रतिशत सर्वसम्मति से पारित किए गए थे। यह पहली दफा था कि घोषणा में कोई नोट या अध्यक्ष का सारांश शामिल नहीं था।