BJP New President: नए बीजेपी अध्यक्ष पद को लेकर आई बड़ी खबर, पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया गया ये फैसला

punjabkesari.in Monday, Apr 28, 2025 - 06:44 PM (IST)

नेशलन डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव एक बार फिर टाल दिया गया है। पार्टी की शीर्ष इकाई ने हाल ही में इस पर बड़ा फैसला लिया है। मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा अब कुछ समय के लिए और इस जिम्मेदारी को संभालते रहेंगे। आइए जानते हैं क्यों टला चुनाव और आगे क्या हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को फिलहाल टालने का निर्णय लिया है। देश की सुरक्षा को देखते हुए पार्टी फिलहाल इस मुद्दे को सुलझाने में पूरा ध्यान लगाना चाहती है। केंद्र में एनडीए सरकार की अगुवाई कर रही बीजेपी इस समय आतंकवाद से निपटने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। ऐसे में संगठनात्मक बदलाव को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।

बीजेपी के संविधान में तय हैं चुनाव के नियम

भाजपा के अपने संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब तक नहीं कराया जा सकता जब तक आधे से ज्यादा राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव पूरे न हो जाएं। अभी तक 14 राज्यों में ही प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। बाकी राज्यों में यह प्रक्रिया जारी है। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को फिलहाल टालना पार्टी के नियमों के अनुरूप भी है।

नड्डा का कार्यकाल पहले भी बढ़ चुका है

जेपी नड्डा जनवरी 2020 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। 2019 में उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त होना था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर जून 2024 तक कर दिया गया था। अब एक बार फिर हालात को देखते हुए उनका कार्यकाल अनिश्चितकाल तक बढ़ा दिया गया है, जब तक नया अध्यक्ष नहीं चुना जाता।

मई में मिल सकता था नया अध्यक्ष

पहले कयास लगाए जा रहे थे कि मई महीने में बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। लेकिन पहलगाम हमले और देश में बने संवेदनशील माहौल को देखते हुए यह कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया है। फिलहाल पार्टी का पूरा फोकस आतंकी घटनाओं से निपटने और देश में स्थिरता बनाए रखने पर है।

इन नामों पर हो रही है जोरदार चर्चा

जेपी नड्डा के बाद पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले छह महीने से मीडिया और सियासी गलियारों में कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में हैं। जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वे हैं -

  • शिवराज सिंह चौहान

  • सुनील बंसल

  • धर्मेंद्र प्रधान

  • रघुवर दास

  • स्मृति ईरानी

हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।

कब तक होगा चुनाव? इंतजार जारी

बीजेपी अध्यक्ष पद के चुनाव की अगली तारीख को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक जब तक ज्यादातर राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे नहीं हो जाते और मौजूदा हालात सामान्य नहीं हो जाते तब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव नहीं कराए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News