दिल्ली BJP अध्यक्ष की सुरक्षा हुई डबल, धमकी के बाद मिली ''Z'' कैटेगरी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 29, 2025 - 10:41 AM (IST)

नेशनल डेस्क। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को धमकी भरे कॉल आने के बाद उनकी सुरक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले उन्हें 'Y' कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी लेकिन अब खतरे की आशंका को देखते हुए उन्हें 'Z' कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इस बदलाव के साथ ही दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष की सुरक्षा अब दिल्ली के मुख्यमंत्री के बराबर हो गई है।   

गृह मंत्रालय (MHA) की येलो बुक के अनुसार जिसमें वीआईपी और वीवीआईपी के लिए सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दिशानिर्देश हैं 'Z' श्रेणी की सुरक्षा में लगभग 22-25 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। इनमें निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ), एस्कॉर्ट, वॉचर और आठ स्टैटिक आर्म गार्ड शामिल होते हैं। वहीं 'Y' श्रेणी की सुरक्षा में 8 से 10 सुरक्षाकर्मी मिलते हैं जिनमें छह पीएसओ और चार स्टैटिक सशस्त्र गार्ड होते हैं।

खतरे की आशंका के बाद सुरक्षा में इजाफा

दिल्ली पुलिस ने खतरे का आकलन करने के बाद 26 अप्रैल को सचदेवा की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बढ़ाने के विशिष्ट कारणों का खुलासा नहीं किया जा सकता लेकिन खतरे का गहन आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। शनिवार से ही वीरेंद्र सचदेवा की सुरक्षा में इजाफा कर दिया गया है।   

 

यह भी पढ़ें: जापान में तलाक के बाद दोबारा शादी के लिए महिलाओं को करना पड़ता है इतना लंबा इंतजार, जानें पीछे की वजह?

 

दो दर्जन जवान रहेंगे तैनात

अधिकारी ने बताया कि 'Z' कैटेगरी की सुरक्षा में 20 से 22 कर्मी तैनात रहेंगे जिनमें चार से छह कमांडो और पुलिसकर्मी शामिल होंगे। इसके साथ ही नेता के काफिले में एक पायलट वाहन भी रहेगा। संभावना जताई जा रही है कि वीरेंद्र सचदेवा की सुरक्षा को और भी बढ़ाया जा सकता है और उन्हें 'Z+' कैटेगरी की सुरक्षा दी जा सकती है।   

 

यह भी पढ़ें: छुट्टी का ऐलान! जानें आज किस-किस जगह बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज और बैंक? यहां देखें पूरी लिस्ट

 

CM के अलावा इन मंत्रियों को भी मिली 'Z' सुरक्षा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली कैबिनेट में 'Z' श्रेणी की सुरक्षा वाले दो अन्य मंत्री हैं। 55 वर्षीय वीरेंद्र सचदेवा 1988 से राजनीति में सक्रिय हैं और उन्होंने पार्टी महासचिव और उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उन्हें 2020 में इस पद पर नियुक्त किया गया था। मार्च 2023 में उन्हें दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले उन्होंने 2022 में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में पार्टी की हार के बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था।

6 तरह की होती है सुरक्षा कैटेगरी

भारत में सुरक्षा कवर के छह ग्रेड होते हैं: X, Y, Y+, Z, Z+ और विशेष सुरक्षा समूह (SPG)। SPG विशेष रूप से प्रधानमंत्री और उनके निकटतम परिवार के लिए होती है। अन्य सुरक्षा श्रेणियां किसी भी ऐसे व्यक्ति को दी जा सकती हैं जिसके लिए केंद्र या राज्य सरकारों को संभावित खतरे के संबंध में खुफिया जानकारी मिली हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News