कराची से लेकर समुद्र तक भारत का हवाई पहरा, MQ-9B और P-8I विमान तैनात
punjabkesari.in Tuesday, May 06, 2025 - 04:21 PM (IST)

नेशलन डेस्क:जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ निगरानी और जवाबी रणनीति दोनों को तेज कर दिया है। कराची से लेकर अरब सागर तक अब भारत का हवाई पहरा सख्त हो गया है। दुश्मन की हर हरकत पर नजर रखने के लिए भारत ने अत्याधुनिक MQ-9B ड्रोन और P-8I निगरानी विमान तैनात कर दिए हैं। ये विमान न सिर्फ पाकिस्तानी बंदरगाहों पर नजर रख रहे हैं बल्कि ईंधन और हथियारों की आपूर्ति करने वाले जहाजों की गतिविधियों को भी बारीकी से मॉनिटर कर रहे हैं। इस निगरानी का मकसद है—किसी भी खतरे से पहले सतर्क होना और पाकिस्तान की हर सैन्य गतिविधि पर सटीक जानकारी जुटाना।
ये सिस्टम पाकिस्तान के बंदरगाहों, खासकर कराची में होने वाली गतिविधियों, जहाजों की आवाजाही और ईंधन आपूर्ति पर नजर रख रहे हैं। साथ ही, भारत के सैटेलाइट उन देशों की नौसेनाओं पर भी नजर रख रहे हैं जो पाकिस्तान के सहयोगी माने जाते हैं।
पाकिस्तान में ईंधन संकट, भारत की सख्ती से और गहराया
सूत्रों के अनुसार, हमले के समय पाकिस्तान ईंधन संकट से जूझ रहा था। भारत की खुफिया एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली कि पाकिस्तान ने अपने मित्र देशों से तेल और अन्य संसाधनों की मदद मांगी थी। अब भारत इन सभी गतिविधियों पर सख्त निगरानी कर रहा है ताकि पाकिस्तान को किसी भी किस्म की सैन्य मदद न मिल सके।
सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों पर विराम
हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने सभी व्यापारिक रिश्ते पूर्ण रूप से समाप्त कर दिए हैं। इतना ही नहीं, 1960 में हुई सिंधु जल संधि को भी भारत ने निलंबित कर दिया है, जिससे पाकिस्तान को बड़ा जल संकट झेलना पड़ सकता है। साथ ही, राजनयिक स्तर पर भी भारत ने पाकिस्तान से संवाद को न्यूनतम कर दिया है। भारत की बढ़ती तैयारी से पाकिस्तान में घबराहट का माहौल है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुद स्वीकार किया कि भारत कभी भी नियंत्रण रेखा पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है। पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनरो ने भी कहा कि पाकिस्तान अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा और पूरा बल झोंक देगा।
आतंकी हमले के बाद भारत की स्पष्ट नीति – 'बिना जवाब नहीं छोड़ा जाएगा'
पहलगाम हमले ने भारत को झकझोर दिया है। इस हमले में जो आतंकी मारे गए हैं, उनकी पहचान पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से हुई है। ऐसे में भारत अब सिर्फ सुरक्षा नहीं बल्कि जवाबी कार्रवाई की नीति पर काम कर रहा है। सूत्रों की मानें तो नियंत्रण रेखा से लेकर समुद्री सीमा तक हर गतिविधि पर चौकसी और जवाबी योजना तैयार है।
भारत द्वारा तैनात किए गए MQ-9B SeaGuardian ड्रोन कई घंटों तक हवा में रह सकते हैं और रीयल टाइम में वीडियो फीड दे सकते हैं। यह ड्रोन समुद्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, पोत की आवाजाही और हथियारों की आपूर्ति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। साथ ही, P-8I जैसे विमान भी पनडुब्बियों और सतह पर चलने वाले खतरों की पहचान कर सकते हैं।
सैटेलाइट से पाकिस्तान की हर चाल का पर्दाफाश
भारत के उपग्रह पाकिस्तान के साथ ही उसके सहयोगी देशों की भी जासूसी कर रहे हैं। चाहे वो ईंधन भेजने वाले टैंकर हों या हथियार से भरे जहाज, भारत की निगाहें हर गतिविधि पर हैं। यही नहीं, भारत अब हर जरूरी रणनीतिक कदम अपने समय पर उठाने के लिए तैयार है।