कैंसर के मरीजों की संख्या में भारत तीसरा, यूपी में सबसे ज्यादा मरीज

punjabkesari.in Tuesday, Oct 03, 2023 - 05:28 PM (IST)

नई दिल्ली। कैंसर के मरीजों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। उनसे आगे अमेरिका और चीन है। 2020 में पूरी दुनिया में कैंसर के मरीजों की संख्या 1.93 करोड़ आंकी गई, जिसमें 14 लाख से अधिक भारतीय हैं।

इतना ही नहीं, माना जा रहा है कि साल 2024 तक भारत में सालाना बढ़ते कैंसर मामलों में 57.5 फीसदी तक की बढ़ोतरी होगी। देश के अधिकांश क्षेत्रों में कैंसर की सही निगरानी नहीं हो पा रही है, जिसका गंभीर परिणाम यह भी है कि अधिकांश मामलों में बीमारी का देरी से पता चल रहा है...यह कहना है नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) का। 

PunjabKesari

देश के सभी शोध केंद्रों को पत्र लिख आईसीएमआर ने कैंसर की जांच और निगरानी को आसान बनाने के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। इसमें बताया कि देश के सभी जिलों में कैंसर निगरानी और जांच को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान के तहत नई नीति बनाने के लिए आईसीएमआर को जिम्मेदारी सौंपी है। एक लैटर जारी करते हुए आईसीएमआर ने लिखा कि भारत में एक कैंसर की कम कवरेज होना एक बड़ी चुनौती है। केवल कुछ ही जिले स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार स्क्रीनिंग की प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं, जबकि मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता ( (आशा) जैसे फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर- घर जाकर कैंसर के मरीजों का पता लगा सकते हैं। 

यूपी में सबसे ज्यादा मरीज

आंकड़े बताते हैं कि कैंसर से भारत में साल 2020 में 7,70,230 वर्ष 2021 में 7,89,202 और 2022 में 8,08,558 लोगों की कैंसर से मौत हुई है। देश में कैंसर के मामलों की कुल संख्या साल 2022 में 14,61,427 रही। वहीं, 2021 में यह 14, 26, 447, जबकि 2020 में 13,92,179 रही सबसे ज्यादा कैंसर के मरीज उत्तर प्रदेश में हैं। यहां साल 2020 में इनकी संख्या 2,01,319 थी, जबकि 2021 में 2,06,088 और 2022 में 2,10,958 मरीज मिले। वहीं, सबसे कम कैंसर मरीज केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप में हैं, जहां 2020 में 27 जबकि 2021 और 2022 में 28-28 मरीज सामने आए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News