महाराष्ट्र में मिलें 5023 पाकिस्तानी, 107 हो गए गायब, अवैध रुप से रह रहे इतने, संख्या देखकर हो जाएंगे हैरान

punjabkesari.in Sunday, Apr 27, 2025 - 01:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया था। इसी बीच महाराष्ट्र से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 5023 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं। इनमें से 107 लोग लापता हैं और 34 नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया। सभी राज्यों को निर्देश दिए गए कि जो पाकिस्तानी नागरिक शॉर्ट टर्म वीजा पर आए हैं, उन्हें 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने के आदेश दिए जाएं। इसी प्रक्रिया के तहत महाराष्ट्र में पाकिस्तानी नागरिकों की जांच की गई और चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए।

वीजा की अलग-अलग श्रेणियों में रह रहे पाकिस्तानी

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में रह रहे पाकिस्तानी नागरिक अलग-अलग वीजा श्रेणियों के तहत यहां रह रहे हैं। इनमें शामिल हैं:

  • लॉन्ग टर्म वीजा पर रहने वाले

  • सालाना वीजा नवीनीकरण कराने वाले

  • भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर चुके लोग

  • भारत में शादी कर रह रहे पाकिस्तानी नागरिक

साथ ही करीब 250 पाकिस्तानी नागरिक शॉर्ट टर्म वीजा पर आए थे, जिनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार ने साफ किया है कि वापसी का आदेश केवल शॉर्ट टर्म वीजा वाले नागरिकों पर लागू है।

107 नागरिक पुलिस की पकड़ से बाहर

रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि कुल 5023 पाकिस्तानी नागरिकों में से 107 नागरिक लापता हैं। ये लोग भारत आने के बाद या तो भूमिगत हो गए या फिर किसी अन्य राज्य में चले गए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इनकी तलाश कर रही हैं।

राज्य में अवैध रूप से रह रहे 34 पाकिस्तानी

इसके अलावा, 34 पाकिस्तानी नागरिक ऐसे हैं जो अवैध रूप से महाराष्ट्र में रह रहे हैं। ये वे लोग हैं जिनका वीजा समाप्त हो चुका है या फिर जिनके कागजात अधूरे पाए गए हैं।

किन जिलों में कितने पाकिस्तानी नागरिक?

महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में पाकिस्तानी नागरिकों की उपस्थिति इस प्रकार है:

  • नागपुर: सबसे ज्यादा पाकिस्तानी नागरिक यहीं रह रहे हैं, हालांकि इनमें से कुछ लापता भी हैं।

  • ठाणे: दूसरे नंबर पर ठाणे जिला है, जहां 1106 पाकिस्तानी नागरिक हैं। इसमें 33 लोग लापता हैं और 8 अवैध रूप से रह रहे हैं।

  • जलगांव: तीसरे नंबर पर है, जहां 393 पाकिस्तानी नागरिक निवास कर रहे हैं।

  • पिंपरी चिंचवड़: यहां 290 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं।

  • नवी मुंबई: पांचवें स्थान पर नवी मुंबई है, जहां 239 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं, जिनमें से 2 नागरिक लापता बताए गए हैं।

सरकार ने कार्रवाई तेज की

राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि लापता पाकिस्तानी नागरिकों की खोजबीन प्राथमिकता पर की जा रही है। साथ ही अवैध रूप से रह रहे नागरिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सतर्क रहने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News