महाकुंभ की भगदड़ को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का विवादित बयान, बोले- कोई गंगा के किनारे मरेगा, तो वो मरेगा नहीं मोक्ष पाएगा

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2025 - 04:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क. मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक विवादित बयान दिया है। यह बयान उन्होंने हाल ही में प्रयागराज में हो रही महाकुंभ की भगदड़ के संदर्भ में दिया, जिसमें 29 जनवरी को हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि जो कोई गंगा के किनारे मरेगा, वह मरता नहीं है बल्कि उसे मोक्ष मिलता है।

PunjabKesari

प्रयागराज के महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन आधी रात को भगदड़ मचने से 30 लोगों की मौत हो गई थी, जैसा कि सरकारी बयान में बताया गया था। हालांकि, पुलिस ने इस संख्या को स्वीकार करते हुए कोई नई जानकारी नहीं दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री इस घटना पर अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं। वीडियो में वह मंच पर बैठकर अपने प्रवचन दे रहे हैं और उनके पास अन्य साधु-संत भी मौजूद हैं। वीडियो की लोकेशन स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह प्रयागराज के महाकुंभ के किसी प्रवचन समारोह का प्रतीत हो रहा है।

PunjabKesari

इस वीडियो में शास्त्री ने भगदड़ की घटना के बारे में कहा- "आज हम कुछ कमेंट्स पढ़ रहे थे, कुछ लोगों ने फोन भी किया। कुछ हमारे मित्र हैं, जो कम्युनिस्ट विचारधारा के हैं, वे हमें कह रहे थे कि बाबा अब क्या कहोगे, पर्ची खोलेगे। बिल्कुल खोलेंगे। देश में प्रतिदिन लोग मर रहे हैं, कुछ दवा के बिना मर रहे हैं, कुछ स्वास्थ्य व्यवस्था के बिना मर रहे हैं। कुछ हार्ट अटैक से मर रहे हैं। इस घटना पर हम दुख व्यक्त करते हैं, लेकिन एक बात समझें, यह महाप्रयाग है। मृत्यु सबको आनी है, यह तय है कि एक दिन सबको जाना है। अगर कोई गंगा के किनारे मरेगा तो वह मरता नहीं, उसे मोक्ष मिलता है।"

धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा- "यहां कोई मरा नहीं है। हां, असमय चले गए तो दुख है, लेकिन जाना तो सबको है। सच कहें तो उन लोगों को मोक्ष प्राप्त हुआ है।" उनका कहना था कि जिन लोगों की असमय मृत्यु हुई, उनके लिए यह दुख की बात जरूर है, लेकिन यह मानना चाहिए कि उन्होंने मोक्ष प्राप्त किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News