भाजपा ने जारी की 17 उम्मीदवारों की लिस्ट, सरोजनीनगर से ED के पूर्व अधिकारी को टिकट; मंत्री स्वाति सिंह का पत्ता साफ
punjabkesari.in Tuesday, Feb 01, 2022 - 10:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को लंबी चर्चा के बाद 17 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में पूर्व ईडी के पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह को लखनऊ की सरोजनी नगर से टिकट दिया गया है। योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह का टिकट कट गया है। भाजपा ने सरोजनी नगर से राजेश्वर सिंह, लखनऊ पश्चिम से अंजनी श्रीवास्तव, लखनऊ उत्तर से डॉ. नीरज बोरा, लखनऊ पूर्व से आशुतोष टंडन, लखनऊ मध्य से रजनीश गुप्ता, लखनऊ कैंट से बृजेश पाठक, मलिहाबाद से जया देवी, मोहनलागंज से अमरेश सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए घोषित प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं #यूपी_मांगे_भाजपा pic.twitter.com/zZ4LmEAgyq
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) February 1, 2022
बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों में से 8 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, इस बार सरोजनी नगर से कई भाजपा नेता दावेदारी ठोक रहे थे। खुद मंत्री स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह भी इसी सीट से टिकट मांग रहे थे। इसके अलावा भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी अपने बेटे मंयक जोशी के लिए टिकट मांग रही थी।
राजेश्वर सिंह ने हाल ही में लिया है वीआरएस
ईडी के पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह ने हाल ही में वीआरएस लिया है। उन्होंने अभी भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन नहीं की है। माना जा रहा है कि कल राजेश्वर सिंह भाजपा की सदस्यता लेंगे। उसके बाद सरोजनीनगर सीट से नामांकन दाखिल कर सकते हैं। भाजपा की ओर से दूसरे आईपीएस अधिकारी हैं जो वीआरएस लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। इससे पहले कानपुर के कमिश्नर असीम अरुण ने वीएआरएस लिया और पार्टी ने उन्हें कन्नौज से मैदान में उतारा है।