जब नेहरू को मिला गांधी के नाम पर युग का नाम रखने का आग्रह

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2015 - 06:04 PM (IST)

नई दिल्ली: महात्मा गांधी के नाम पर अनेक सड़कों, स्थानों, पार्कों और इमारतों का नाम रखा गया है, लेकिन उनकी हत्या के कुछ महीने बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को एक एेसा भी आग्रह मिला था जिसमें एक ‘‘समूचे युग’’ का नाम गांधी जी के नाम पर रखने को कहा गया था। जुलाई 1948 में तमिलनाडु के कुड्डालूर निवासी केएसवी राव ने पत्र भेजकर एक समूचे युग का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखने का आग्रह किया था और कहा था कि यह उन्हें ‘‘उपयुक्त श्रद्धांजलि’’ होगी। उसने इसके लिए एक कैलेंडर प्रस्तावित किया था। हालांकि, इस व्यक्ति के विचार को मूर्त रूप नहीं मिला। 
 
उसका पत्र अब यहां स्थित राष्ट्रीय अभिलेखागार में रखा है। पत्र में लिखा है, ‘‘मैं हमारे बापू जी-हमारे देश के राष्ट्रपिता- के नाम से एक युग शुरू किए जाने का सुझाव दे रहा हूं और इसकी प्रति आपके विचारार्थ एवं मंजूरी के लिए भेज रहा हूं।’’ इस व्यक्ति ने बापू के नाम से कैलैंडर शुरू करने के सुझाव में महीनों के नाम कुछ इस तरह बताए थे..‘मोहन’ :गांधी जी का पहला नाम:,‘अहिंसा’, ‘सत्य’, ‘चक्र’ :चरखा: तथा अन्य। यह पत्र यहां राष्ट्रीय अभिलेखागार में एेतिहासिक संस्थान के 125वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। 
 
एक महीने तक चली प्रदर्शनी ‘टे्रजर्स ऑफ नेशनल आर्काइव्स’ शुक्रवार को खत्म हो गई जिसमें दुर्लभ और वास्तविक संग्रह प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में शामिल रहीं अन्य दुर्लभ चीजों में गांधी जी की मैट्रिक की मार्कशीट भी शामिल थी जिस पर नवंबर 1887 की तारीख अंकित है। उनके स्कूल का नाम राजकोट स्थित काठीवाड़ हाईस्कूल लिखा है। गांधी (पारेबंदर) के कुल अंक 247.5 लिखे हैं, वहीं एक अन्य विद्यार्थी वीरजी मनोरदास गांधी (राजकोट) के अंक 260.33 लिखे हैं। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News