राहुल गांधी ने X पर वीडियो शेयर कर सरकार पर साधा निशाना, कहा- ''मेक इन इंडिया'' का नाम बदलकर ''असेंबल इंडिया'' कर देना चाहिए

punjabkesari.in Saturday, Jul 19, 2025 - 04:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हुए विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों के दौरे से जुड़े वीडियो साझा करते रहते हैं। शनिवार को उन्होंने X  पर एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'मेक इन इंडिया' योजना पर करारा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि देश में 'मेक इन इंडिया' के नाम पर केवल असेंबलिंग हो रही है, इसलिए इसका नाम बदलकर 'असेंबल इंडिया' कर देना चाहिए।

<

>

राहुल गांधी का दावा-  

राहुल गांधी ने अपने वीडियो पोस्ट में सीधे तौर पर सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि रोजगार, विकास और 'मेक इन इंडिया' जैसी बातें सिर्फ भाषणों तक ही सीमित रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर असली मैन्युफैक्चरिंग नहीं हो रहा है। पिछले हफ्ते राहुल गांधी ने ग्रेटर नोएडा में एक टेलीविजन निर्माण फैक्टरी का दौरा किया था, जहाँ रोजाना 20 हजार से ज्यादा टीवी बनाए जाते हैं। इसी दौरे का वीडियो उन्होंने X पर साझा किया है।

ये भी पढ़ें- बाबा वंगा की चौंकाने वाली भविष्यवाणी: 2025 में धरती पर आ सकते हैं एलियन, क्या सच होगी यह बात?

'iPhone से लेकर TV तक – पुर्जे विदेश से आते हैं, हम बस जोड़ते हैं'

अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने 'मेक इन इंडिया' की वास्तविकता पर सवाल उठाते हुए लिखा, "क्या आप जानते हैं कि भारत में बने ज्यादातर TVs का 80% हिस्सा चीन से आता है? 'मेक इन इंडिया' के नाम पर हम सिर्फ असेंबली कर रहे हैं। असली मैन्युफैक्चरिंग नहीं।" उन्होंने आगे कहा, "iPhone से लेकर TV तक – पुर्जे विदेश से आते हैं, हम बस जोड़ते हैं।"

गांधी ने छोटे उद्यमियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छोटे उद्यमी निर्माण करना चाहते हैं, लेकिन "न नीति है, न सपोर्ट, उल्टा, भारी टैक्स और चुने हुए कॉरपोरेट्स का एकाधिकार – जिसने देश के उद्योग को जकड़ रखा है।" राहुल गांधी का स्पष्ट मानना है कि जब तक भारत उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बनता, तब तक रोजगार, विकास और 'मेक इन इंडिया' की बातें केवल खोखले भाषण ही रहेंगी।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि "जमीनी बदलाव चाहिए ताकि भारत असेंबली लाइन से निकलकर असली मैन्युफैक्चरिंग पावर बने और चीन को बराबरी की टक्कर दे सके।" राहुल गांधी इससे पहले भी कई अलग-अलग व्यावसायिक इकाइयों का दौरा कर चुके हैं और इन वीडियो के जरिए वे लगातार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News