PM मोदी के बाद किसे मिले प्रधानमंत्री की कमान? कांग्रेस नेता ने लिया इस BJP नेता का नाम, जानिए वजह
punjabkesari.in Sunday, Jul 13, 2025 - 05:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के एक हालिया बयान ने भारतीय राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष की उम्र के बाद नेताओं को पद छोड़ देना चाहिए। यह बयान 9 जुलाई 2025 को नागपुर में दिया गया, जब वे संघ विचारक दिवंगत मोरोपंत पिंगले के जीवन पर बात कर रहे थे। इस बयान को कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने अलग-अलग तरीके से लिया है।
कांग्रेस विधायक का बड़ा बयान
मोहन भागवत के इसी बयान के बाद, कर्नाटक से कांग्रेस विधायक बेलूर गोपालकृष्ण ने एक चौंकाने वाला सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 वर्ष की उम्र में पद छोड़ते हैं तो नितिन गडकरी को अगला प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए।
गडकरी को क्यों बताया आदर्श उम्मीदवार?
बेलूर गोपालकृष्ण ने अपने बयान में नितिन गडकरी की तारीफ करते हुए कहा कि गडकरी आम आदमी के हित में सोचने वाले नेता हैं। उन्होंने देश के बुनियादी ढांचे विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्गों के क्षेत्र में शानदार काम किया है। गोपालकृष्ण ने कहा, "गडकरी ने गरीबों की चिंता जताई है। वह कहते हैं कि अमीर और अमीर होते जा रहे हैं जबकि गरीब पीछे छूट रहे हैं। ऐसे नेता की सोच में देश का भविष्य सुरक्षित हो सकता है।"
कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि गडकरी के पास एक मजबूत अवधारणा है और ऐसे नेताओं को सत्ता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "गडकरी का व्यक्तित्व और उनकी सोच देश को एक नई दिशा दे सकती है। अगर मोदी जी 75 की उम्र में पद छोड़ते हैं तो गडकरी को मौका मिलना चाहिए।"
भाजपा के अंदर दोहरा मापदंड?
बेलूर गोपालकृष्ण ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जब भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा को 75 वर्ष की उम्र में मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था तो मोदी जी पर यह नियम क्यों लागू नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "येदियुरप्पा ने भाजपा को कर्नाटक में खड़ा किया। उन्हें उम्र के नाम पर हटाया गया। तो अब वही पैमाना मोदी जी पर क्यों नहीं लागू होता?"
कांग्रेस विधायक ने भागवत के बयान को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा, "मोहन भागवत का बयान केवल एक आदर्श नहीं बल्कि भाजपा और संघ के लिए एक संदेश है। अब वक्त है कि 75 की उम्र वाले नेता खुद पीछे हटें और नए चेहरों को आगे लाएं।"