छत से पानी निकालते समय करंट लगने से युवक की मौत, बचाने आए पिता भी झुलसे

punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 09:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बस्ती जिले की स्थानीय पुलिस लाइन कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत से पानी निकालने के दौरान करंट लगने से 22 वर्षीय युवक अजयपाल सिंह की मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता नरपत सिंह, जो पुलिसकर्मी हैं, भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए।

लोहे की छड़ छू गई हाई वोल्टेज लाइन

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को हुई तेज बारिश के चलते नरपत सिंह के घर की छत पर पानी भर गया था। शुक्रवार सुबह उनके बेटे अजयपाल सिंह ने छत से पानी निकालने की कोशिश की। वह लोहे की छड़ से पानी की निकासी कर रहा था कि अचानक छड़ ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गई।

जैसे ही छड़ लाइन से छुई, अजयपाल को तेज करंट लगा और वह छड़ से चिपक गया। उसके चीखने की आवाज सुनकर पिता नरपत सिंह दौड़े और बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी करंट का झटका लग गया।

पड़ोसियों ने बचाया, अस्पताल में नहीं बची जान

हादसे के बाद पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को तार से अलग किया। दोनों को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजयपाल को मृत घोषित कर दिया। झुलसे पिता नरपत सिंह का इलाज जारी है।

इकलौते बेटे की मौत से टूट गया परिवार

बताया जा रहा है कि अजयपाल सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस विभाग में भी इस घटना से शोक की लहर है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

स्थानीय लोगों में भी शोक

इस हादसे के बाद पुलिस लाइन कॉलोनी और आसपास के इलाके में गहरा दुख है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। सभी ने बिजली विभाग से मांग की है कि रिहायशी इलाकों में ऊंची बिजली लाइनें हटाई जाएं, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News