कल आएगी भयंकर तबाही! लोगों में दहशत का माहौल...
punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 07:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 5 जुलाई, 2025 की तारीख जैसे-जैसे नज़दीक आ रही है, लोगों के दिलों की धड़कनें भी तेज हो रही हैं। इसकी वजह है जापान की मशहूर मंगा आर्टिस्ट और भविष्यवक्ता रियो तात्सुकी की दशकों पुरानी एक डरावनी भविष्यवाणी। तात्सुकी ने अपनी मंगा किताब ‘द फ्यूचर आई सौं’ में दावा किया था कि 5 जुलाई, 2025 को जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एक भीषण सुनामी आएगी, जो भारी तबाही मचाएगी।
कौन थीं रियो तात्सुकी?
रियो तात्सुकी जापान की एक मंगा आर्टिस्ट थीं, जिन्हें सपनों के जरिए भविष्य देखने की शक्ति होने का दावा था। उन्होंने कई घटनाओं की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी, जैसे – राजकुमारी डायना की मौत, कोरोना वायरस महामारी, फ्रेडी मर्करी का निधन और 2011 में जापान में आए विनाशकारी टोहोकू भूकंप।
उनकी किताब ‘द फ्यूचर आई सौं’, जो 1999 में प्रकाशित हुई थी, उनके सपनों और डायरी में लिखी गई बातों का ग्राफिक फॉर्म में संग्रह है। इसी किताब में उन्होंने 5 जुलाई, 2025 को एक बड़ी प्राकृतिक आपदा की भविष्यवाणी की थी।
तात्सुकी की डरावनी भविष्यवाणी
तात्सुकी के अनुसार, जापान और फिलीपींस के बीच समुद्र की गहराई में एक दरार पैदा होगी, जिससे 2011 की तबाही से भी तीन गुना बड़ी सुनामी आएगी। इस भविष्यवाणी को लेकर अब जापान में चिंता का माहौल बन गया है, खासतौर पर तब जब हाल ही में दक्षिणी जापान के टोकारा द्वीप समूह में दो हफ्तों के भीतर 1000 से ज्यादा भूकंप दर्ज किए गए हैं।
क्या कह रहे हैं वैज्ञानिक?
हालांकि जापान सरकार और वैज्ञानिक इस भविष्यवाणी को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन वे किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टोकारा द्वीप पर हाल के भूकंपों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 तक दर्ज की गई है। अकुसेकी द्वीप पर कंपन का स्तर जापान के 7-बिंदु पैमाने पर 6 मापा गया, जिससे वहां कुछ इमारतों में दरारें आ सकती हैं।
टूरिज्म पर भी असर, एयरलाइंस अलर्ट पर
तात्सुकी की भविष्यवाणी का असर जापान के टूरिज्म सेक्टर पर भी दिखने लगा है। हांगकांग से जापान आने वाले पर्यटकों की संख्या में 11% की गिरावट दर्ज की गई है। कई पर्यटकों ने जुलाई और अगस्त के लिए अपनी बुकिंग रद्द कर दी हैं। हांगकांग की ट्रैवल एजेंसी ईजीएल टूर्स ने भी माना कि सोशल मीडिया पर चल रही इन भविष्यवाणियों ने लोगों में डर पैदा कर दिया है।
क्या सच में कुछ बड़ा होने वाला है?
अब जबकि 5 जुलाई बस एक दिन दूर है, सभी की निगाहें जापान पर टिकी हैं। क्या रियो तात्सुकी की यह भविष्यवाणी भी सच साबित होगी या यह सिर्फ एक संयोग है? इस सवाल का जवाब तो आने वाला कल ही देगा। लेकिन फिलहाल जापान में लोग सतर्क हैं और सरकार हर स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है।