पूरा दिन पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पुलिस के मध्य चला कानूनी शह-मात का खेल

punjabkesari.in Saturday, May 07, 2022 - 07:06 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस द्वारा दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंद्र बग्गा को शुक्रवार सुबह 5 बजे घर से गिरफ्तार किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस के बीच पूरा दिन शह और मात के साथ-साथ कानूनी दाव-पेंच का खेल चलता रहा और अंत में शाम को पंजाब पुलिस इस मामले में बैकफुट पर जाती नजर आई क्योंकि तमाम कानूनी मशक्कत के बावजूद 50 पुलिसकर्मियों की टीम भी तेजिंद्र बग्गा को गिरफ्तार करके पंजाब नहीं ला सकी। दरअसल इस पूरे मामले में दिल्ली और हरियाणा की पुलिस इन्वाल्व हो गई, जिससे यह मामला पेचीदा होता गया।

पूरा दिन क्या-क्या हुआ
सुबह 5 बजे - पंजाब पुलिस की टीम ने तेजिंद्र  बग्गा को उनके घर से गिरफ्तार किया।
सुबह 8 बजे- तेजिंद्र  बग्गा के पिता प्रीतपाल बग्गा ने जनकपुरी थाने में सूचना दी
सुबह 9 बजे - भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने मामले मे गृह मंत्री अमित शाह की मदद मांगी
सुबह 10 बजे - तेजिंद्र  बग्गा के पिता प्रीतपाल बग्गा ने जनकपुरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
सुबह 10.30 बजे- दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज किया।
सुबह 11 बजे- पुलिस ने द्वारका कोर्ट से तेजिंद्र  बग्गा के सर्च वारंट हासिल किए।
सुबह 11.30 बजे - पुलिस ने हरियाणा पुलिस को द्वारका कोर्ट के आदेश से अवगत करवाया।
सुबह 11.45 बजे - हरियाणा में पिपली के पास पंजाब पुलिस का काफिला 3 घंटे रोका गया और पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू की।
दोपहर 3 बजे - पंजाब सरकार ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
दोपहर 4 बजे - दिल्ली पुलिस के वकील सत्यपाल जैन ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दिल्ली पुलिस का पक्ष रखा।
इस  बीच अदालत ने तेजिंद्र बग्गा को हरियाणा में ही रखने की पंजाब के एडवोकेट जनरल की मांग को ठुकराया।
इस मामले में हरियाणा पुलिस को नोटिस जारी करके उसका पक्ष मांगा गया और मामले की सुनवाई शनिवार 7 मई को होगी।

पूरी कहानी
25 मार्च - तेजिंद्र  बग्गा का ट्वीट
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली विधानसभा में कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर की गई टिप्पणी के बाद यह विवाद शुरू हुआ। बग्गा ने टि्वटर पर केजरीवाल के खिलाफ बयानबाजी शुरू की।

1 अप्रैल - तेजिंद्र बग्गा के खिलाफ कश्मीर फाइल्स फिल्म पर किए गए ट्वीट पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता सन्नी आहलुवालिया की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में इंडियन पीनल कोड की धारा 153 ए , 505 और 506  के तहत मामला दर्ज किया गया।

2 अप्रैल - तेजिंद्र  बग्गा का ट्वीट-मेरे खिलाफ एक नहीं , 100 एफ.आई.आर. करो लेकिन अगर केजरीवाल कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर ठहाके लगा के हंसेगा तो मैं विरोध करूंगा चाहे उसके लिए मुझे जो भी अंजाम भुगतना पड़े मैं तैयार हूं। ऍफ.आई.आर. के बाद पुलिस ने  9, 11, 15, 22  28 अप्रैल को तेजिंद्र  बग्गा को नोटिस भेज कर जांच में शामिल होने के लिए तलब किया।

5 मई  - तेजिंद्र  बग्गा ने अपने खिलाफ दर्ज एफ.आई.आर. रद्द करने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया लेकिन इस दिन सुनवाई नहीं हुई। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News