नफरत की राजनीति छोड़ें, हर धर्म के सम्मान से ही रोशन होगा समाज: ममदानी

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 11:38 AM (IST)

न्यूयॉर्क (एजैंसी): न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमरीका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने और राजनीतिक अभियानों में बढ़ती नफरत पर चिंता जताई है। उन्होंने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक समुदायों से विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने तथा भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।

मंगलवार को आयोजित दीवाली समारोह में ममदानी ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान अमरीका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संघीय सरकार के शीर्ष स्तर के नेताओं ने भी सिख समुदाय को निशाना बनाया है।

ममदानी ने कहा कि वाशिंगटन हो या दिल्ली, डर और नफरत फैलाने वाली राजनीति को खारिज करना सभी की सांझा जिम्मेदारी है। उन्होंने उन लोगों को भरोसा दिलाया, जिनकी पहचान और देश में रहने के अधिकार पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका ही उनका घर है और उन्हें अपनी पहचान को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं करना चाहिए।

हिंदू धर्म की विविधता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके प्राचीन धर्म ग्रंथ सिखाते हैं कि सत्य तक पहुंचने के अनेक रास्ते हैं और प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक ही दिव्य प्रकाश विद्यमान है। उन्होंने मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे का उल्लेख करते हुए धार्मिक सहिष्णुता और आपसी सम्मान का संदेश दिया।  

ममदानी ने रामायण और महाभारत का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण पारिवारिक रिश्तों और मानवीय मूल्यों की सीख देती है, जबकि महाभारत कर्तव्य, नैतिकता और निष्ठा के बीच आने वाली जटिलताओं को समझाती है।  ममदानी ने कहा कि दीवाली का त्यौहार हमें याद दिलाता है कि सहिष्णुता, करुणा और आपसी सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News