वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा: गूगल मैप्स या मोबाइल कम्पास, वास्तु विश्लेषण के लिए कौन सा तरीका बताएगा एकदम सटीक दिशा? जानिए सही नियम
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 12:27 PM (IST)
Vastu Tips for Direction: जब भी किसी मकान, प्लॉट, दुकान या व्यावसायिक परिसर का वास्तु विश्लेषण करना होता है तो दिशाओं का सही निर्धारण करना पहला और सबसे महत्त्वपूर्ण कार्य होता है। आजकल अधिकांश लोग दिशा जानने के लिए गूगल मैप या मोबाइल कम्पास का उपयोग करते हैं लेकिन कई बार इन दोनों से प्राप्त दिशा में अंतर दिखाई देता है। ऐसी स्थिति में मन में भ्रम पैदा होता है कि आखिर सही दिशा कौन-सी है और वास्तु विश्लेषण के लिए किस दिशा को आधार मानना चाहिए। इस विषय को समझने के लिए सबसे पहले गूगल मैप, मोबाइल कम्पास और वास्तु में दिशा निर्धारण की प्रक्रिया को अलग-अलग समझना आवश्यक है।

गूगल मैप से दिशा कैसे पता करें?
गूगल मैप मुख्य रूप से किसी स्थान की भौगोलिक स्थिति, सड़क, आसपास के भवन और स्थानों की दिशा समझने में सहायता करता है। सामान्यतः मैप को उत्तर दिशा ऊपर रखते हुए प्रदर्शित किया जाता है लेकिन जब हम मैप को घुमाते हैं या नेविगेशन का उपयोग करते हैं, तो स्क्रीन पर दिखाई देने वाली दिशाएं बदल सकती हैं। इसलिए केवल मोबाइल स्क्रीन देखकर यह मान लेना उचित नहीं है कि मकान का मुख्य द्वार किस दिशा में है। गूगल मैप में किसी प्लॉट या मकान को देखने के लिए पहले मैप को उत्तर दिशा के अनुसार व्यवस्थित करें। इसके बाद प्लॉट की सीमाओं, सड़क और मुख्य द्वार की स्थिति को ध्यानपूर्वक देखें। यदि मैप घुमाया गया है, तो पहले उसे पुनः उत्तर दिशा के अनुसार सेट करें। ध्यान रखें कि मैप पर किसी स्थान की स्थिति जानना और उस स्थान पर खड़े होकर वास्तविक दिशा मापना दो अलग-अलग बातें हैं।
मोबाइल कम्पास से दिशा कैसे पता करें?
मोबाइल कम्पास फोन में लगे मैग्नेटिक सेंसर की सहायता से दिशा बताता है। जब हम फोन को किसी दिशा की ओर रखते हैं, तो कम्पास सामान्यतः डिग्री में यह बताता है कि फोन किस दिशा की ओर है। दिशा मापते समय फोन को समतल रखें और उसकी दिशा स्थिर होने दें। मोबाइल को लोहे की रेलिंग, वाहन, बिजली के उपकरणों, चुंबकीय कवर और अन्य धातु की वस्तुओं से दूर रखकर रीडिंग लें, क्योंकि इनके कारण कम्पास की रीडिंग प्रभावित हो सकती है। यदि दिशा बार-बार बदल रही हो, तो फोन के कम्पास को कैलिब्रेट करें। एंड्रॉयड फोन में फोन को हवा में आठ के आकार में कई बार घुमाने से कम्पास की सटीकता सुधारने में सहायता मिल सकती है। ध्यान रखें कि मोबाइल कम्पास की रीडिंग को बिना जांच किए अंतिम और पूर्णतः सटीक नहीं मानना चाहिए।
गूगल मैप और मोबाइल कम्पास की सहायता से भी दिशाओं का निर्धारण किया जा सकता है, लेकिन सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए अच्छी क्वालिटी वाला मैग्नेटिक कम्पास इस्तेमाल करना बेहतर होता है। उदाहरण के लिए जिस प्रकार हम घर पर प्रतिदिन डिजिटल मशीन से शुगर की जांच करते हैं, लेकिन अधिक सटीक जानकारी और पुष्टि के लिए आवश्यकता पड़ने पर लैब में ब्लड सैंपल की जांच भी करवाते हैं, उसी प्रकार घर में ब्लड प्रेशर की जांच के लिए भी डिजिटल मशीन का उपयोग करते है, जबकि डॉक्टर पुष्टि के लिए मरकरी ब्लड प्रेशर उपकरण से जांच करते हैं। ठीक इसी प्रकार, वास्तु में दिशाओं का सही निर्धारण करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब दिशायें मध्य में न होकर दायें-बायें होती हैं ऐसी स्थिति में दिशाओं की सटीक जानकारी के लिए केवल गूगल मैप या मोबाइल कम्पास पर निर्भर रहने के बजाय, स्पिरिट वाले मैग्नेटिक कम्पास का इस्तेमाल करके दिशा की जांच करना बेहतर है।
इसके अतिरिक्त आप इसी बुक का चेप्टर वास्तु में दिशा ज्ञान का महत्व का अध्ययन करके सही दिशा का निर्धारण कर सकते हैं।
वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com

