गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक : शिवराज चौहान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 11:13 AM (IST)

चंडीगढ़ (हरिश्चंद्र): केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में माथा टेका। 

उन्होंने गुरु घर में अरदास कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने संगत के बीच बैठकर गुरुबाणी सुनी और गुरु घर की सेवा भी की। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

मीडिया से बातचीत में चौहान ने कहा कि सुल्तानपुर लोधी की पवित्र धरती पर आने की उनकी लंबे समय से इच्छा थी। यह वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने लंबा समय बिताया और मानवता को ‘एक ओंकार’ का संदेश दिया। 

यहां पहुंच कर वह स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। ‘एक ओंकार’ का संदेश बताता है कि परमात्मा एक है और हम सभी उसी की संतान हैं। गुरु साहिब के तीन मूल सिद्धांतों ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ को जीवन में अपनाने की जरूरत है। 

प्रभु का नाम जपना, ईमानदारी से मेहनत करना, अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटना और समाज में प्रेम व भाईचारा बनाए रखना ही इन शिक्षाओं का मूल भाव है।

उल्लेखनीय है कि गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सिख धर्म के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है। मान्यता है कि श्री गुरु नानक देव जी ने यहां बेरी के वृक्ष के नीचे बैठकर ईश्वर की आराधना की थी।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News